नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के बीच तलाक के मामले में आज गुरुवार को पटना सिविल कोर्ट स्थित फैमिली कोर्ट में अहम सुनवाई हो रही है। यह मामला अब एक बार फिर सुर्खियों में है, क्योंकि हाल ही में तेज प्रताप और अनुष्का यादव की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आज की सुनवाई को देखते हुए पटना सिविल कोर्ट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को काफी कड़ा कर दिया गया है। कोर्ट के मेन गेट से करीब 50 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी गई है। मीडिया को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है। सूत्रों के अनुसार, अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के कुछ समर्थकों के कोर्ट पहुंचने की आशंका है। इसी वजह से पुलिस अलर्ट मोड पर है, ताकि कोई हंगामा न हो।
तेज प्रताप यादव सुबह ही कोर्ट पहुंचे
तेज प्रताप यादव सुबह ही फैमिली कोर्ट पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि आज की सुनवाई में अनुष्का यादव से जुड़े ताजा घटनाक्रम का भी असर पड़ सकता है। कोर्ट में माहौल गरम रहने की संभावना है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को हुई थी। ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी हैं। शादी के कुछ ही महीनों बाद, नवंबर 2018 में तेज प्रताप ने तलाक की अर्जी दायर कर दी थी। उन्होंने हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 13(1)(1a) के तहत याचिका दी थी, जिसमें असंगति और मानसिक क्रूरता का आरोप लगाया गया था।
ऐश्वर्या राय ने हाल ही में उठाए गंभीर सवाल
तेज प्रताप और अनुष्का यादव की नजदीकियों के बाद ऐश्वर्या राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था, “मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी गई। तेज प्रताप किसी और के साथ रिश्ते में हैं, क्या उनके घरवालों को इसकी जानकारी नहीं थी?” ऐश्वर्या ने यह भी पूछा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने उनकी शादी ऐसे व्यक्ति से क्यों करवाई?
आज की सुनवाई क्यों है खास?
कई सालों से चला आ रहा यह तलाक मामला अब एक नए मोड़ पर आ गया है। अनुष्का यादव से जुड़ा विवाद अब कोर्ट की कार्यवाही को और पेचीदा बना सकता है। माना जा रहा है कि ऐश्वर्या अपने बयान में इन बातों का जिक्र कर सकती हैं। ऐसे में आज की सुनवाई तेज प्रताप यादव के लिए एक चुनौती भरी घड़ी मानी जा रही है।





