नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते को लेकर जारी विवाद अब और गहराता जा रहा है। इस मामले में अब अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव सामने आए हैं। उन्होंने तेज प्रताप का समर्थन करते हुए कहा कि यह एक निजी मामला है और किसी को भी बिना तथ्य के टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। आकाश यादव ने कहा,“तेज प्रताप ने कोई अपराध नहीं किया है। क्या उन्होंने बलात्कार किया है? या परिवार पर कोई दाग लगाया है? नहीं। तो फिर उन्हें पार्टी से निकालना कहां तक सही है?”
तेजस्वी की जिम्मेदारी है दो परिवारों की इज्जत बचाना”
आकाश ने तेजस्वी यादव से अपील की कि वह मामले को राजनीतिक मुद्दा न बनने दें और दो परिवारों की प्रतिष्ठा को संभालें। उन्होंने कहा, “हमारे पास खोने को कुछ नहीं है, लेकिन तेजस्वी यादव के पास बहुत कुछ है। इसलिए सोच-समझकर बयान दें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर तेजप्रताप यादव अपनी बात से पलटे तो लालू जी के लिए ठीक नहीं होगा।
क्या तेज प्रताप और अनुष्का की शादी हुई है?
इस सवाल पर आकाश यादव ने साफ कहा कि इस पर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह निजी मामला है और अनुष्का खुद जब चाहें तब इस पर बोल सकती हैं। वर्तमान में वह अपने घर पर हैं और परिवार उनके फैसले के साथ खड़ा है। आकाश यादव ने बताया कि अनुष्का, स्वतंत्रता सेनानी आमिर गुरु जी की नातिन हैं और उनका परिवार सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित है। ऐसे में उनके चरित्र पर की जा रही बयानबाजी बेहद शर्मनाक और गलत है।
फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव ने फेसबुक पोस्ट में खुलासा किया था कि वह 12 साल से अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने लिखा: “मैं और अनुष्का पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार करते हैं। अब मैं ये बात सबके सामने रखना चाहता था। इस पोस्ट के वायरल होते ही पार्टी में भूचाल आ गया और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। तेज प्रताप को निष्कासन के बाद तेजस्वी यादव ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि, “इस तरह की घटनाएं न तो अच्छी लगती हैं और न ही बर्दाश्त की जा सकती हैं। राजनीति और रिश्तों के टकराव की अग्निपरीक्षा तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव का मामला अब सिर्फ निजी नहीं रहा, बल्कि इसमें राजनीतिक और पारिवारिक दोनों पहलू जुड़ चुके हैं। जहां तेज प्रताप ने खुलेआम अपने रिश्ते को स्वीकार किया, वहीं अनुष्का के परिवार ने उनकी साफ-सुथरी छवि की वकालत की है। अब निगाहें इस पर हैं कि आगे राजद नेतृत्व और तेजस्वी यादव क्या कदम उठाते हैं।





