नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अखिलेश यादव ने 2027 में होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर अपनी तैयारी तेज कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 14 जून 2024 को अपनी समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें 2027 में होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर अभी से तैयारी करनी होगी। अखिलेश यादव ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि विधानसभा चुनाव 2027 में जीत हासिल करने के लिए सभी को अपनी भाषा ठीक रखनी होगी। सभी का बराबर सम्मान करना भी सीखना होगा। हम सबको जनता के साथ जुड़े रहना है।
समाजवादी विचारधारा का यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा
पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी के मुख्यालय से अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में हमारी पार्टी की ताकत बढ़ी है। जिससे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उनमे नई ऊर्जा का संचार हुआ है। लोकसभा के चुनाव में जनता ने बीजेपी का घमंड तोड़ा है। जिससे बीजेपी के नेताओं की नींद उड़ी हुई है। समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने यह लड़ाई संविधान को बचाने के लिए लड़ी। समाजवादी विचारधारा का यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अभी से तैयारी शुरू
समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में इस अवसर पर यश भारती सम्मानित पंडित हरिप्रसाद मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को स्वस्ति वाचन के साथ रक्षा सूत्र बांधा। साथ में ही उन्होंने अखिलेश यादव के शतायु होने की कामना भी की। समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, विधायक शाहिद मंजूर, शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, एमएलसी जासमीर अंसारी समेत अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।
अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। जिसके बाद वह 2027 में होने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर लेना चाहते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




