नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार होने को लेकर काफी चर्चाएं चल रही हैं। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार को अगले सप्ताह तक किया जा सकता है। खुद शिव सेना नेता संजय शिरसाट ने 26 जुलाई 2024 को कहा था कि महाराष्ट्र सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार अगले सप्ताह को किया जा सकता है।
विधायको के बलिदान को ध्यान में रखते हुए अधिक मंत्री पद दिए जाना चाहिए
वहीं शिव सेना नेता संजय शिरसाट ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार करने का कारण बताते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार बनाने के लिए वर्ष 2022 में उनकी पार्टी के विधायको ने जो बलिदान दिया था, उसको ध्यान में रखते हुए अधिक मंत्री पद दिए जाना चाहिए।
इस बैठक में महाराष्ट्र सरकार के विस्तार की बात जरुर हुई होगी: संजय शिरसाट
वहीं शिव सेना नेता संजय शिरसाट ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने 25 जुलाई 2024 को एक बैठक बुलाई थी, इस बैठक में महाराष्ट्र सरकार के विस्तार की बात जरुर हुई होगी।
महाराष्ट्र में जल्द ही विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं
बता दें कि संजय शिरसाट छत्रपति संभाजीनगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। जानकारी के अनुसार संजय शिरसाट भी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बनना चाहते हैं। संजय शिरसाट इस बात को सार्वजनिक रूप से पहले कह भी चुके हैं। इसलिए वह महाराष्ट्र सरकार में मंत्रिमंडल के विस्तार की बात पर जोर दे रहे हैं। महाराष्ट्र में जल्द ही विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए राज्य में आदर्श आचार संहिता अगले दो महीनों में लागू होने की पूरी संभावना है। ऐसे में शिवसेना के अन्य विधायक चाह रहे हैं कि कुछ ही समय के लिए भी मंत्री पद मिल जाए तो ठीक रहेगा।
केंद्र सरकार ने ऐसा करने से मना कर दिया है: सूत्र
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होना संभव नहीं है, क्योंकि केंद्र सरकार ने ऐसा करने से मना कर दिया है। जानकारी के अनुसार मोदी सरकार ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सूचित कर दिया है कि महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव को अभी तीन महीने ही बचे हैं, तब तक महाराष्ट्र सरकार को बिना मंत्रिमंडल के विस्तार के इसी तरह ही चलाना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




