नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की जान चली गई। इस दुखद घटना की जानकारी मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दी है। उन्होंने इस क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संवेदनात्मक पोस्ट साझा की।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लिखा, “राजौरी से बेहद दुखद खबर आई है। हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासन सेवा के एक समर्पित अधिकारी को खो दिया। कल तक वे उपमुख्यमंत्री के साथ जिले के दौरे पर थे और मेरी अध्यक्षता में हुई एक ऑनलाइन बैठक में भी शामिल हुए थे। आज उनके आवास पर पाकिस्तानी गोलाबारी हुई, जिसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थप्पा की मौत हो गई। मेरे पास इस अपूरणीय क्षति को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”
पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर बढ़ी गोलाबारी, कई जिले प्रभावित
पाकिस्तान की ओर से जारी निरंतर गोलाबारी के चलते जम्मू क्षेत्र के कई सीमावर्ती जिलों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पाकिस्तान नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार गोलाबारी कर रहा है। पुंछ, मनकोट, मेंढर, नौशेरा, अखनूर, आर.एस.पुरा, अरनिया, सांबा और कठुआ समेत अनेक इलाकों में भारी नुकसान की खबर है। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया है। सीमा से लगे जम्मू क्षेत्र के कम से कम पांच जिलों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की इन कार्रवाइयों की निंदा करते हुए कहा, “भारत को अपने नागरिकों और क्षेत्र की रक्षा करने का पूरा अधिकार हैऔर हम इस अधिकार का प्रयोग पूरी मजबूती से करेंगे।” गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल है।




