नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान दोनों देशों की सेना आमने-सामने है। इस युद्ध जैसे हालातों के बीच कल गुरुवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच को भी कैंसिल करना पड़ा। भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान लगातार सीमा पार से गोलाबारी मिसाइल हमले कर रहा है। भारतीय सेना ने कई ड्रोन मिसाइलों को हवा में नष्ट कर दिया। पाक के हर नापाक मंसूबे का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
इंडियन प्रीमियर लीग इन दिनों जारी है। कुछ मैचों में इस तनातनी का प्रभाव पड़ रहा है। लेकिन पाक सीमा से सटे राज्यों या बड़े शहरों से मैच को एक सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, टीम इंडिया के क्रिकेटर भी भारतीय सेना की इस कार्रवाई को लेकर खुश है। तो वही, क्रिकेट जगत से जुड़ी हस्तियां भी लगातार देश की सेना का हौसला बढ़ा रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट अंबाती रायुडू के एक पोस्ट ने बवाल मचा दिया है।
एक पोस्ट पर मचा बवाल
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने 8 मई गुरुवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया। यह पोस्ट उस वक्त किया जब पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल से हमले कर दिए। भारतीय सेनाओं के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। भारतीय डिफेंस सिस्टम ने पाक के ड्रोन और मिसाइलों को हवा में नष्ट कर दिया।
अंबाती रायुडू का ट्वीट वायरल
भारत की इस जवाबी कार्रवाई के बीच रायुडू ने ट्वीट किया। अपने पोस्ट में लिखा कि, “आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है।” उनका यह पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। कई भारतीय यूजर्स को उनका यह पोस्ट नापसंद आया। कई यूजर्स ने कमेंट किए। उसमें से एक यूजर ने उन्हें ट्वीट तुरंत डिलीट करने को कहा। वहीं एक अन्य ने कहा कि जब तक हम ऐसा सोचेंगे हमारी दोनों आंखें जा चुकी होंगी।।
फिर डैमेज कंट्रोल में लगे रायडु
विवाद बढ़ता देख रायडू ने एक और पोस्ट किया और विवाद को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने दूसरे पोस्ट में लिखा-”जम्मू कश्मीर, पंजाब और भारतीय सीमा से सटे अन्य हिस्सों में सबकी सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना। इससे प्रभावित हर किसी की सुरक्षा, ताकत और जल्द से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहा हूं। जय हिंद.”
बता दें कि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निदोष लोगों की हत्या हुई थी। इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान और POK में आतंकी ठिकानों पर 9 एयर स्ट्राइक किया था। इस एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान के अंदर चल रहे आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।




