नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अपनी दमदार अदायगी और अनोखे अंदाज से उन्होंने सिर्फ दक्षिण भारत ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड में भी अपनी खास पहचान बना ली है। आज उनका जन्मदिन है और इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातें जो शायद आप नहीं जानते होंगे।
आज विजय देवरकोंडा भले ही करोड़ों के मालिक हैं और इंडस्ट्री के सबसे सफल सितारों में से एक माने जाते हैं। लेकिन उनका सफर आसान नहीं था। 9 मई 1989 को जन्मे विजय का बचपन सामान्य परिवार में बीता। उनके पिता एक टीवी कलाकार थे, फिर भी परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
कभी आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे विजय
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक समय ऐसा भी था जब विजय के पास घर का किराया देने तक के पैसे नहीं होते थे। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कड़ी मेहनत और लगन के बलबूते उन्होंने अपनी जगह बनाई। साल 2011 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘नुव्विला’ से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद ‘डियर कॉमरेड’ और ‘महानती’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। विजय को धीरे-धीरे फिल्मों में काम मिलने लगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुधरने लगी।
‘अर्जुन रेड्डी’ से बदली किस्मत, स्टार बनकर उभरे विजय देवरकोंडा
कहा जाता है कि वक्त सबका बदलता है और विजय देवरकोंडा की जिंदगी में यह बदलाव साल 2017 में आया। इसी साल उनकी सुपरहिट फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ रिलीज हुई, जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि विजय की किस्मत भी बदल दी। ‘अर्जुन रेड्डी’ ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और विजय को रातों-रात स्टार बना दिया। इस फिल्म में उनके बेबाक किरदार ने दर्शकों को झकझोर दिया और वे युवाओं के आइकन बन गए। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। विजय की लोकप्रियता अब साउथ तक सीमित नहीं रही, वे बॉलीवुड में भी अपने अभिनय का जादू बिखेरने लगे।




