नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी तथा उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के परिवार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। उनके बेटे रेहान वाड्रा की सगाई कन्फर्म हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, रेहान ने अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड अवीवा बेग को हाल ही में प्रपोज किया, जिसे अवीवा ने स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार इस रिश्ते से खुश हैं और सगाई को मंजूरी दे दी गई है।
7 साल से रिलेशनशिप में थे रेहान और अवीवा
सूत्रों के अनुसार, रेहान वाड्रा और अवीवा बेग पिछले सात साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों के बीच लंबे समय से रिश्ता था और अब इसे आधिकारिक रूप दे दिया गया है। अवीवा बेग और उनका परिवार दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। रेहान और अवीवा की शादी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि शादी से जुड़ा फैसला दोनों परिवार आपसी सहमति और सुविधानुसार करेंगे।
कौन हैं अवीवा बेग?
अवीवा बेग पेशे से फोटोग्राफर और आर्टिस्ट हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कई नामी कला प्रदर्शनियों में हिस्सा लिया है। वर्ष 2023 में मेथड गैलरी के साथ ‘यू कैनॉट मिस दिस’ प्रदर्शनी में उनका काम प्रदर्शित हुआ। इसी साल इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम में भी उनकी कला शामिल रही। इससे पहले 2019 में ‘द इल्यूज़री वर्ल्ड’ और 2018 में इंडिया डिजाइन आईडी में उनकी फोटोग्राफी प्रदर्शित हो चुकी है। अवीवा बेग एटेलियर 11 नाम की फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी की सह-संस्थापक भी हैं, जो देशभर की कई एजेंसियों और ब्रांड्स के साथ काम करती है।
कला और फोटोग्राफी में करियर बना रहे हैं रेहान वाड्रा
रेहान वाड्रा का झुकाव बचपन से ही कला और फोटोग्राफी की ओर रहा है। वह पेशे से विजुअल और इंस्टॉलेशन आर्टिस्ट हैं उन्होंने डार्क परसेप्शन नाम से अपनी पहली सोलो एग्जीबिशन की थी। इसके अलावा कोलकाता में ‘द इंडिया स्टोरी’ समेत कई प्रदर्शनियां आयोजित कर चुके हैं। दिसंबर 2022 में हुई उनकी दूसरी प्रदर्शनी को भी काफी सराहना मिली थी। रेहान वाड्रा ने दिल्ली, देहरादून और लंदन की SOAS यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। उन्हें ट्रैवलिंग और नेचर फोटोग्राफी का शौक है, जिसकी झलक उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स में भी देखने को मिलती है।




