नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। बीजेपी इस अवसर पर सेवा पर्व मना रही है। प्रधानमंत्री का जन्म 17 सितबंर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में हुआ था। सिर्फ 8 साल की उम्र में वो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ गए थे। उन्होंने चाय बेचकर भी अपने परिवार को सहयोग किया। उन्होंने बीजेपी के संगठन में भी काम किया था।
नरेंद्र मोदी लगातार तीन सालों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अब तीन कार्यकाल तक लगातार प्रधानमंत्री के पद पर भी हैं। पिछले साल उनके जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने विश्वकर्मा योजना शुरू की थी। साल 2022 में उन्होंने अपने जन्मदिन पर कोविड वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत की थी।
[EMBED]
प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में कई प्रमुख योजनाएं शुरू की। यह विभिन्न योजनाएं इस प्रकार हैं।
सीएए: मोदी सरकार नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 लेकर आई। इसका उद्देश्य पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए गैर-मुस्लिम धर्मों के लोगों को भारतीय नागरिकता देना है।
आर्टिकल 370: जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और 35ए द्वारा राज्य को दिए विशेष दर्जे को हटा दिया।
मेक इन इंडिया: मेक इन इंडिया से प्रधानमंत्री का उद्देश्य भारत को विनिर्माण का केंद्र बनाना और विदेशी कंपनियों द्वारा भारत में निवेश को आसान बनाना है।
नोटबंदी : 08-11-2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी। देश में 500 और 1,000 रुपये के नोट को प्रचलन को बाहर कर दिया गया था।
डिजिटल इंडिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया की शुरुआत की। इसका उद्देश्य देश को डिजिटल क्षेत्र को सशक्त बनाना है। इसमें ऑनलाइन ढांचे में सुधार, इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाना, ग्रामीण इलाकों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ना शामिल है।
उज्ज्वला योजना : प्रधानमंत्री ने 1 मई 2016 को बलिया से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य बीपीएल (BPL) परिवारों को एलपीजी (LPG) कनेक्शन उपलब्ध कराना है।
सर्जिकल स्ट्राइक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वपूर्ण फैसलों में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक शामिल है। इसके तहत भारतीय सेना ने 28-29 सितंबर, 2016 में पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
जीएसटी : जीएसटी (GST) को लागू करना एक मुख्य फैसला था। मोदी कैबिनेट में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 1 जुलाई, 2017 को जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) लागू किया। इसके अंतर्गत चार जीएसटी स्लैब 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत को इंट्रोड्यूस किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को एक्स पर जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने लिखा , “प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है। मेरी कामना है कि आपके द्वारा राष्ट्र प्रथम की भावना से किए जा रहे अभिनव प्रयासों से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त हो। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप दीर्घायु हों तथा सदैव स्वस्थ और सानंद रहें।”
अमित शाह ने दी जन्मदिन की बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को एक्स पर पोस्ट पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, मोदी जी ने ‘नए भारत’ के विजन के साथ विरासत से लेकर विज्ञान तक को जोड़ा है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व जनकल्याण के संकल्प से अनेक असंभव से लगने वाले कार्यों को संभव बनाकर गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान रचे हैं। प्रधानमंत्री श्री@narendramodi जी के रूप में देश को एक ऐसे निर्णायक नेता मिले हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा से लेकर वंचितों के जीवन में बदलाव लाकर उन्हें मुख्यधारा में लाने के काम किये। देशवासियों का आत्मगौरव बढ़ाने के साथ-साथ उनके नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण भी बदला है। समुद्र की गहराई से लेकर अंतरिक्ष की ऊँचाई तक देश का मान बढ़ाने वाले मोदी जी दुनिया भर में शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणा हैं।





