नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की ‘PDA पाठशाला’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा सिर्फ दिखावटी राजनीति कर रही है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ पर तंज कसते हुए इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इसमें ‘A’ से मतलब अखिलेश, ‘D’ फॉर डिंपल और ‘P’ फॉर परिवार है। राजभर का आरोप है कि, सपा ने पिछड़ों के नाम पर केवल उनका शोषण किया है और वास्तविक विकास की अनदेखी की है।
अखिलेश यावद के PDA फॉर्मेूलें पर राजभर का तंज
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, अखिलेश यादव जिस ‘PDA’ की बात करते हैं, दरअसल उसका मतलब है ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’। उन्होंने तंज कसा कि सपा की पीडीए पाठशाला में ‘A’ से अखिलेश, ‘D’ से डिंपल और ‘P’ से परिवार पढ़ाया जा रहा है।
ओपी राजभर की अखिलेश यादव को चेतावनी
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि, सपा की पाठशाला में यही पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर वे खुद कहां जाएंगे, प्रजापति, पाल या चौहान कहां जाएंगे और पिछड़ी जातियां कहां जाएंगी। राजभर ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “खाली लेकर नाम नसीबों का, चूसा खून अति पिछड़ों का… अब ये नहीं चलेगा।”
सपा और बीजेपी के बीच तीखी जुबानी जंग
दरअसल, उत्तर प्रदेश में स्कूलों के मर्जर किए जाने के फैसले के बाद समाजवादी पार्टी उन जगहों पर पीडीए पाठशाला चला रही है, जहां स्कूल बंद किए गए हैं। इसे लेकर सपा और बीजेपी के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 5 अगस्त को भी पीडीए पाठशाला को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला था।
अखिलेश यादव का पीडीए पाठशाला पर बयान
अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा कार्यकर्ता पीडीए पाठशाला में बच्चों को तब तक पढ़ाते रहेंगे, जब तक सरकार इन स्कूलों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं करती। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन उनकी पाठशाला को रोक नहीं सकता। यादव ने जोर देकर कहा कि जब सरकार अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ लेती है, तब सपा के कार्यकर्ता सामने आते हैं।
खुद योगी करें स्कूलों का दौरा
अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ से कहा कि, उन्हें खुद उन स्कूलों का दौरा करना चाहिए, जहां छतें गिर रही हैं और बच्चे घायल हो रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट में है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खुद कई स्कूलों को बंद और कई का मर्जर करने की बात स्वीकार की है।




