नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद एनटीए ने UGC NET परीक्षा को रद्द कर दिया है और मामले की जांच CBI को सौंप दी गई। ये जानकारी शिक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि 18 जून 2024 को आयोजित नेट की परीक्षा में गड़बड़ी मिलने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया। अब नए सिरे से नेट की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
शुरुआती जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद परीक्षा रद्द
NEET UG की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों से जूझ रहे NTA को अब दोहरा झटका लगा है। एनटीए के द्वारा आयोजित नेट परीक्षा में भी अब गड़बड़ी मिली है। जिसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने नेट परीक्षा को रद्द कर दिया। इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि Indian cyber crime coordination centre की शुरुआती जांच में पता चला है कि नेट परीक्षा की पवित्रता से समझौता किया गया है। जिसके बाद इस परीक्षा को रद्द किया जा रहा है। अब ये परीक्षा फिर से आयोजित की जाएगी। नेट परीक्षा की नई डेट ugcnet.nta.nic.in पर जारी की जाएगी।
CBI करेगी परीक्षा की जांच- शिक्षा मंत्रालय
मंत्रालय ने कहा है कि “UGC NET परीक्षा में गड़बड़ी की जांच CBI करेगी। सरकार परीक्षाओं की पवित्रता बरकरार रखने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था जिम्मेदार पाई जाएगी, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी”
11 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने दी परीक्षा
18 जून को UGC NET की परीक्षा आयोजित की गई थी। जो देशभर के 317 शहरों के 1205 केंद्रों पर आयोजित हुई। NTA ने 83 विषयों में UGC NET परीक्षा का आयोजन किया था। इस परीक्षा में 11 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने फॉर्म भरे थे। परीक्षा में लगभग 81% उम्मीदवार उपस्थित रहे।
बता दें कि देश भर के विश्वविद्यालयों व उच्च शिक्षा संस्थानों में जूनियर प्रोफेसर फेलोशिप और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए UGC NET की परीक्षा आयोजित की जाती है। ये परीक्षा साल भर में दो बार आयोजित की जाती है। इस बार से NET स्कोर को भी PHD में एंट्रेंस के तौर पर स्वीकार किया जाना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




