नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिल गई और देर शाम को वो तिहाड़ जेल से बाहर भी आ गए। शनिवार को सिसोदिया दिल्ली के प्राचीन हनुमान मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन किए। भगवान के दर्शन के बाद वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट गए। राजघाट से वो सीधे आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जल्द ही जेल के ताले टूटेंगे और अरविंद केजरीवाल छूटेंगे
मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारे असली साथी अभी भी जेल में बंद हैं। वो जल्द बाहर आएंगे। जिसके बाद उन्होंने जेल के ताले टूटेंगे और अरविंद केजरीवाल छूटेंगे के नारे लगाए। इस दौरान वहां भारी संख्या में आम आदमी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ED और CBI का जाल अरविंद केजरीवाल के लिए बुना गया
लोगों को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि ‘ईमानदारी के प्रतीक के रूप में अरविंद केजरीवाल का नाम पूरे देश में मशहूर हो गया था। इसलिए ED व CBI का जाल बुना गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है। वह अपने किसी भी एक राज्य में ईमानदारी से काम नहीं दिखा सकी। भ्रष्टाचार का एक ही काल है और वो केजरीवाल हैं। आपके आंसुओं ने मुझे मजबूती दी है। मैं समझ रहा था कि 7-8 महीने में न्याय मिल जाएगा, लेकिन 17 महीने बाद सच्चाई की जीत हुई है’
डेढ़ साल से दिल्ली जलबोर्ड को नहीं मिला पैसा
मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले 1.5 सालों से दिल्ली जलबोर्ड को पैसा नहीं दिया गया है। आपके घरों के आगे के सीवर बंद हैं, नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं। और ये सब सिर्फ केंद्र की तानाशाही की वजह से हो रही है।
बीजेपी की ट्रेनिंग अंग्रेजों से माफी मांगने से हुई है- संजय
वहीं इस दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी को सलाह दूंगा कि वो भले ही नफरत की राजनीति में आगे रह सकती है, लेकिन जब लड़ने की बारी आएगी तो आम आदमी पार्टी से टकराने की हिम्मत मत करना। हमारी ट्रेनिंग संघर्ष से हुई है और तुम्हारी ट्रेनिंग अंग्रेजों से माफी मांगने की है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




