नई दिल्ली, रफ्तार। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ बेंगलुरु की कोर्ट ने POCSO मामले में गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। बीजेपी नेता येदियुरप्पा ने जमानत के लिए अप्लाई किया है। पुलिस का कहना है कि येदियुरप्पा पर 17 साल की लड़की की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि येदियुरप्पा ने 2 फरवरी को बेंगलुरु की डॉलर्स कॉलोनी में अपने आवास पर बच्ची का यौन उत्पीड़न किया था। अभी येदियुरप्पा दिल्ली में हैं। उन पर पॉक्सो मामले की जांच कर रही सीआईडी ने कोर्ट में अरेस्ट वारंट जारी करने को लेकर याचिका दाखिल की थी। इससे पहले गृह मंत्री ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो सीआईडी येदियुरप्पा को गिरफ्तार कर सकती है। जांच एजेंसी ने येदियुरप्पा को 12 जून को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कहा था कि वो दिल्ली में हैं। इस कारण 17 जून को सीआईडी के सामने पेश होंगे।
पूरा मामला क्या है?
14 मार्च को महिला ने बेंगलुरु स्थित सदाशिवनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ येदियुरप्पा ने यौन शौषण किया था। मां-बेटी येदियुरप्पा के घर काम के लिए गए थे। मामला गंभीर देख कर्नाटक सरकार ने सीआईडी को जांच सौंप दी थी। येदियुरप्पा मामले में सीआईडी के सामने पेश भी हुए थे।
शिकायतकर्ता की हो चुकी है मौत
26 मई को शिकायत करने वाली महिला की मौत हो गई थी। वह बीमार थी। उसके बाद पीड़िता के भाई ने कर्नाटक हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दर्ज कराकर येदियुरप्पा की गिरफ्तार की मांग की थी। इस पॉक्सो मामले को खारिज करने को बीएस येदियुरप्पा ने भी कोर्ट में याचिका दायर की। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताया था। अब अरेस्ट वारंट जारी होने से येदियुरप्पा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in




