नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बीते साल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एक टीवी चैनल को जेल के अंदर से इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में वो अपनी आपराधिक गतिविधियों का बखान कर रहा था। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने नए सिरे से जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले कोर्ट ने पंजाब पुलिस को लताड़ लगाई थी कि उन्हें उस इंटरव्यू के खिलाफ दर्ज हुए FIR को कैंसिल करने की इतनी जल्दी क्या थी? कोर्ट ने पुलिस और गैंगस्टर के बीच मिलीभगत की आशंका भी जाहिर की है।
अपराधी को स्टूडियो जैसी सुविधा दीः हाईकोर्ट
कोर्ट ने कहा, ‘पुलिस अधिकारियों ने अपराधी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस इस्तेमाल करने दिया, इंटरव्यू के लिए स्टूडियो जैसी सुविधा दी। इस इंटरव्यू में अपराध को ग्लोरिफाई किया गया, जिसमें दूसरे अपराधों को बढ़ावा देने का पोटेंशियल है।’ जस्टिस अनुपिंदर सिंह और जस्टिस लापिता बनर्जी की बेंच ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा,’पुलिस के इसमें मिले होने से प्रतीत होता है कि अपराधी या उसके सहयोगियों द्वारा उन्हें गैर-कानूनी तरीके से फायदा पहुंचाया गया। यह भ्रष्टाचार निरोध कानून के तहत अपराध है। इसलिए इस मामले में जांच की जरूरत है।’
निचली रैंक के पुलिसकर्मियों को बनाया जा रहा स्केपगोटः कोर्ट
पंजाब पुलिस ने हाल ही में इस मामले में पांच पुलिसवालों को सस्पेंड किया है। इनमें दो डिप्टी SP रैंक के अधिकारी हैं और पांच निचली रैंक के पुलिसकर्मी हैं। इस मामले में कोर्ट ने राज्य सरकार से भी सवाल किया कि इस मामले में निचली रैंक के पुलिसकर्मियों को स्केपगोट बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कोर्ट ने सवाल किया कि राज्य के डीजीपी ने ऐसा क्यों कहा कि राज्य की जेल में कोई इंटरव्यू नहीं हुआ और जिन अधिकारियों को संलिप्त पाया गया उनके खिलाफ क्रिमिनल कॉन्सिपरेसी एक्ट की धारा 120-बी क्यों नहीं लगाई गई?
इससे पहले पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू के खिलाफ दर्ज कराई गई FIR को इस आधार पर कैंसिल कर दिया था कि इंटरव्यू पंजाब की जेल में नहीं हुआ। हालांकि, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (ह्यूमन राइट्स) के नेतृत्व में बने SIT की जांच में ये सामने आया था कि बिश्नोई का एक इंटरव्यू मोहाली में हुआ था और दूसरा राजस्थान में। इसके बाद ही सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था।
2023 के इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई ने क्या कहा था
साल 2023 में एक टीवी चैनल को जेल के अंदर से दिए इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई ने कहा था कि उसकी जिंदगी का मकसद सलमान खान को खत्म करना है। 12 अक्तूबर को NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। हत्या के बाद एक सोशल मीडिया मैसेज वायरल हुआ था जिसमें कहा गया था कि सलमान खान से बदला लेने की बात कही गई थी। इस हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ बोलने वालों और सलमान खान के कई करीबी लोगों को धमकी दी गई है। इनमें सांसद पप्पू यादव, कमेडियन मुनव्वर फारूकी शामिल हैं।





