नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। Aam Aadmi Party चुनावी मोड से बाहर निकलने के मूड में नहीं है। अब आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल की नजर 2027 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव पर जाकर टिक गई हैं। पार्टी की यहां सिख वोटों पर अच्छी खासी पकड़ है जिसके चलते पंजाब में सरकार बनाने में भी कामयाब रहे। अब पार्टी अपनी रणनीति में बदलाव करने जा रही है। खबर निकल कर आ रही है कि आम आदमी पार्टी पंजाब प्रदेश अध्यक्ष का पद अमन अरोड़ा को दे सकती है। इस नियुक्ति के जरिए पार्टी का टारगेट उन हिंदू वोटों पर पकड़ हासिल करना है जो अब तक BJP का वोट बैंक माने जाते थे।
अमन अरोड़ा के दी जा सकती है कमान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रदेशाध्यक्ष का पद छोडे़ जाने की इच्छा जताए जाने के बाद इस बात पर चर्चा तेज हो चली थी कि आगला प्रदेशाध्यक्ष की कमान किसे सौंपी जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी सिख वोटों पर पकड़ बनाने के बाद अब हिंदू चेहरे को मैदान में उतार सकती है। हिंदू वोटरों को अपने खेमें मे लाने के लिए आम आदमी पार्टी अमन अरोड़ा को प्रदेश में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कहा जा सकता है। यह बदलाव 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर किया जा रहा है ताकि संगठन को और भी मजबूत किया जा सके। हालांकि अभी इस बारे में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
भगवंत मान ने जताई थी पद छोड़ने की इच्छा
पंजाब में उपचुनाव के दौरान प्रचार करते हुए भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष का पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। अभी तक प्रदेश में पार्टी की कमान भगवंत मान के हाथ में ही थी और उन्ही के नेतृ्त्व में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनाई थी।





