नई दिल्ली/रफ्तार न्यूज। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल ने आज दिल्ली पहुंचकर सांसद की शपथ ली। अमृतपाल को शपथ लेने के लिए असम के डिब्रूगढ़ जेल से कड़ी सुरक्षा में नई दिल्ली लाया गया। जहां उसने स्पीकर ओम बिरला के सामने सांसद की शपथ ली। बता दें कि अमृतपाल ने लोकसभा चुनाव 2024 में खडूर साहिब सीट से जीत दर्ज की है।
अमृतपाल के पिता ने जारी किया बयान
इस दौरान अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह ने भी अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह खडूर साहिब के मतदाताओं और दुनिया भर में रहने वाले पंजाबियों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि लोग अटकलें लगा रहे थे कि वो सांसद बनेंगे या नहीं लेकिन आज इसपर विराम लग जाएगा।
असम से दिल्ली लाया गया अमृतपाल
बता दें कि पंजाब दे वारिस के प्रमुख अमृतपाल को हवाई जहाज से असम से दिल्ली लाया गया। वहीं पैरोल अवधि के दौरान अमृतपाल पर कई पाबंदिया लगी हुई है। अमृतपाल को किसी भी तरह का उपदेश देने पर रोक लगाई गई है। वह अपने परिजनों से मिल सकता है लेकिन किसी तरह का फोटो-वीडियो बनाने पर रोक लगी है।
क्यों जेल में है अमृतपाल?
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत केस दर्ज है। उसपर पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी ISI के जरिये पाकिस्तान से हथियार मंगवाने और पंजाब को सांप्रदायिक आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप है। अमृतपाल सिंह पर युवाओं को गन कल्चर की तरफ ले जाने का भी आरोप है।
इसके अलावा अमृतपाल और उसके सहयोगियों पर लोगों में वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिस कर्मियों पर हमले और सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। जिसके चलते उसे 18 मार्च 2023 में गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद उसे असम के डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया।
पत्र मिलने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसकी मंजूरी दे दी
खडूर साहिब लोकसभा सीट से जीत दर्ज करके अमृतपाल सिंह ने सबको हैरान कर दिया था। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी कुलबीर सिंह जीरा को 1.97 लाख मतों से हराया था। खडूर साहिब लोकसभा सीट से चुनाव जीत जाने के बाद अमृतपाल सिंह के प्रवक्ता राजदेव सिंह खालसा और वकील ईमान सिंह खारा उसको सांसद की शपथ दिलाने की प्रशासन से मांग कर रहे थे। अमृतपाल सिंह ने भी जेल सुपिरटेंडेंट को उसे सांसद की शपथ दिलाने के विषय में पत्र लिखा था।
डिब्रूगढ़ जेल के सुपरिटेंडेंट ने अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर को इस संदर्भ में पत्र लिखा था। जिसके बाद अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर ने पंजाब सरकार को इस संदर्भ में पत्र लिखा। जिसके बाद पंजाब सरकार ने अमृतपाल सिंह को सांसद की शपथ दिलाने के संदर्भ में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था। पत्र मिलने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसकी मंजूरी दे दी। अब अमृतपाल सिंह को 4 दिन की पैरोल मिल गई है। उसको 5 जुलाई से 9 जुलाई तक यह पेरोल मिली है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





