नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । मोबाइल कॉल से पहले अमिताभ बच्चन की आवाज में सायबर ठगी के खिलाफ चेतावनी के तौर पर एक संदेश सुनाई देता है। अमिताभ की आवाज में सुनाई देने वाले इस संदेश के बाद ही कॉल कनेक्ट हो पाती है। बिग बी की इस आवाज से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी परेशान हो चुके है। अब इस कॉलर ट्यून को जल्द ही बंद किया जा सकता है। मोबाइल कॉलर ट्यून के खिलाफ इंदौर के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने इसकी शिकायत केंद्रीय संचार मंत्री से की है।
केंद्रीय मंत्री को पूर्व विधायक ने लिखित शिकायत देते हुए कहा कि कॉलर ट्यून संचार में बाधक बन रही है और इससे जरुरी फोन लगाने में देरी हो रही है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी पूर्व विधायक की शिकायत से सहमत दिखे।
आम उपभोक्ताओं को रही है परेशानी
केंद्रीय मंत्री सिंधिया से शुक्रवार रात इंदौर में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने मुलाकात की। इस दौरान को मंत्री को कॉलर ट्यून को लेकर शिकायत की। करीब दो महीने से देश के तमाम मोबाइल कॉल पर सायबर ठगी की चेतावनी वाला जागरुक संदेश सुनाई देता है। गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि जागरुकता का सरकार का यह प्रयोग तो सराहनीय है लेकिन व्यवहारिक कठिनाइयों के चलते आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुझाव पर मंत्री सिंधिया भी सहमत
गुप्ता ने कहा कि, मोबाइल कॉल लगाने में बार-बार कठिनाइयां उत्पन्न हो रहा है। कॉल ड्राप और कनेक्टिविटी की समस्याएं पैदा हो जाती है। इमरजेंसी परिस्थितियों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जागरुकता अभियान अन्य माध्यमों से भी चलाया जा सकता है। गुप्ता की इस सुझाव पर मंत्री सिंधिया भी सहमत दिखी। उन्होंने कहा कि मैंने भी यह महसूस किया है। इस बारे में जल्द ही आवश्यक निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
कॉलर ट्यून की वजह से एंबुलेंस में देरी
पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने कहा कि कॉलर ट्यून से जुड़ी परेशानी मैंने खुद अनुभव की। दो बार ऐसे मौके आए कि सड़क दुर्घटना में घायल की मदद के लिए एंबुलेंस को फोन करने में देरी हुई। उसके बाद निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया।




