नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । गर्मी की छुट्टियों में लोग अक्सर भीड़-भाड़ और तपती धूप से राहत पाने के लिए पहाड़ों की ओर रुख करते हैं। कुल्लू-मनाली, नैनीताल,और कसौली जैसे हिल स्टेशनों पर इस समय सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। हालांकि कई लोग ऐसे भी होते हैं जो पहली बार पहाड़ों में घूमने जा रहे होते हैं। यदि आप भी उनमें से एक हैं, तो यह सफर यादगार बनाने के लिए कुछ ज़रूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
पहली बार हिल स्टेशन जा रहे हैं तो अपनाएं ये स्मार्ट ट्रैवल टिप्स
1. चलने के लिए रहें तैयार
पहाड़ी इलाकों में हर जगह गाड़ी से पहुँचना संभव नहीं होता, इसलिए पैदल चलना आम बात है। ऐसे में आपको मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए और आरामदायक जूते पहनने चाहिए। स्पोर्ट्स शूज़ या ट्रैकिंग शूज़ सबसे बेहतर विकल्प होते हैं।
2. छोटा बैग साथ रखें
सफर के दौरान एक हल्का बैकपैक जरूर साथ रखें, जिसमें पानी की बोतल, हल्के स्नैक्स (जैसे बिस्किट, ड्राय फ्रूट्स, चिप्स आदि), सनस्क्रीन, सनग्लासेस और फर्स्ट एड किट जरूर हो। ये जरूरी चीजें रास्ते में बहुत काम आती हैं।
3. गर्म कपड़े न भूलें
चाहे गर्मी हो या बरसात, पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम कभी भी बदल सकता है। तापमान अक्सर बहुत कम हो जाता है, खासकर रात में। इसलिए बॉडी वार्मर, स्वेटर, जैकेट, मफलर, मोज़े और दस्ताने जैसे गर्म कपड़े जरूर साथ रखें।
4. ट्रेकिंग से पहले ये तैयारी करें पूरी
अगर आप ट्रेकिंग का मन बना रहे हैं, तो एक मजबूत और आरामदायक ट्रेकिंग बैग रखें, जिसमें वजन सही से वितरित हो और जिसे लंबे समय तक आसानी से उठाया जा सके। साथ ही, ट्रेकिंग शूज़, एनर्जी बार्स और रेनकोट जैसे जरूरी आइटम्स भी साथ रखें।
5. स्थान की जानकारी पहले से लें
जिस भी हिल स्टेशन पर आप जा रहे हैं, उसकी बेसिक जानकारी पहले से लें। जैसे – वहां कैसे पहुँचना है, कौन से होटल अच्छे हैं, और कौन-कौन सी जगहें देखने लायक हैं। इससे आपका ट्रिप ज्यादा स्मूद और एन्जॉयेबल रहेगा।
अस्वीकरण : इस लेख में दी गई सलाह और जानकारी केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से साझा की गई है। यह किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या यात्रा से जुड़ी विशेष स्थिति में अपने डॉक्टर या किसी योग्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।




