नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के राणे परिवार में रार होती दिख रही है। एक बयान के चलते निलेश राणे और नितेश राणे आमने-सामने आ गए है। राज्य के रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से बीजेपी सासंद नारायण राणे के दो बेटों के बीच शीतयुद्ध होना सामने आया है। उनके एक बेटे नितेश राणे बीजेपी सरकार में मंत्री हैं और दूसरे निलेश राणे शिंदे गुट से विधायक हैं।
देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री नितेश राणे अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। वे पहले कई बार विपक्षी नेताओं ओर धार्मिक तोर पर विवादित बयान दे चुके हैं। कुछ दिनों पहले मंत्री नितेश राणे ने एक पार्टी सम्मेलन में कहा था कि “कोई कितना भी ताकत दिखाए, कोई कैसे भी नाचे, फिर भी देश के पीएम नरेंद्र मोदी ही रहेंगे और राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ही होंगे। ध्यान रखिए, सीएम पद पर बैठा नेता बीजेपी का ही है।”
नितेश के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई थी। इस बयान के बाद शिवसेना के कुडाळ से विधायक और नितेश राणे के भाई निलेश राणे (Nilesh Rane) ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी। इस पोस्ट में निलेश ने नितेश को सलाह दी थी। जिसका नितेश राणे ने जवाब भी दिया था। इस पूरे मसले को लेकर अब दोनों भाइयों के बीच मतभेद स्पष्ट रूप से सामने आए। अब एक बार फिर राणे बंधुओं के बीच शीतयुद्ध छिड़ता दिखाई दे रहा है।
निलेश राणे को युति धर्म की याद दिलाई
नितेश राणे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में एक कार्यकर्ता के व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसके ज़रिए उन्होंने यह संदेश दिया कि महायुति में शामिल किसी भी कार्यकर्ता को धमकाना अनुचित है। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में लिखा- “आदरणीय निलेश जी, आपने कुछ दिन पहले महायुति के बारे में बात की थी। अब आप ही हमारे मित्र दल के एक पदाधिकारी को धमका रहे हैं, यह सही नहीं है।
नितेश ने आगे कहा कि आखिरकार हम सभी महायुति का हिस्सा हैं। मुझे उम्मीद है कि आप इस बात पर ध्यान देंगे।” अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निलेश राणे इस पर क्या जवाब देते हैं। क्योकि, नितेश ने निलेश द्वारा दी गई सलाह का याद कर यह पोस्ट शेयर किया है। इस पर निलेश की प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।
निलेश राणे ने दी थी नितेश राणे को सलाह
जब नितेश राणे ने अपने बयान में कहा था कि “सबका बाप बीजेपी का सीएम ही रहेगा”, तब निलेश राणे ने सोशल मीडिया पर सलाह दी थी कि नितेश को संभलकर बोलना चाहिए। उन्होंने लिखा था, “मैं आपसे मिलकर बात करूंगा, लेकिन सार्वजनिक मंच पर बोलते समय सभी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। भाषण देना आसान है, पर हमें ये समझना होगा कि हमारे बोलने से किसका फायदा हो रहा है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम महायुति में हैं।” इस पोस्ट पर नितेश राणे ने व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “निलेशजी, आप तो Tax Free हैं।” हालांकि, इसके कुछ समय बाद निलेश राणे ने अपनी वह पोस्ट डिलीट कर दी थी।





