नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में सीतामढ़ी सीट से जीत दर्ज करने वाले JDU के नवनिर्वाचित सांसद देवेशचंद्र ठाकुर सीतामढ़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में खुले मंच से यादव और मुसलमानों का काम नहीं करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि यादव और मुसलमान समाज के लोग किसी काम के लिए आना चाहते हैं तो जरूर आएं लेकिन चाय नाश्ता करके वापस चले जाएं। मैं उनका काम नहीं करूंगा।
कुशवाहा समाज पर क्यों नाराज हुए सांसद ?
इस दौरान वो कुशवाहा समाज पर भी जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि कितना एनडीए वोट कटा इसका कोई उचित कारण नहीं है। कुशवाहा समाज का वोट कैसे कट गया जबकि वो एनडीए का वोट था। उन्होंने कहा कि क्या कुशवाहा समाज इतना स्वार्थी हो गया कि लालू प्रसाद यादव को वोट करने लगा। वो भी इसलिए क्योंकि लालू यादव ने उनके समाज के 7 लोगों को टिकट दिया था। उन्होंने कहा कि सुरी और कलवार समाज पारंपरिक रूप से एनडीए का वोटर है, लेकिन उस समाज का भी आधा वोट कट गया।
अगर चुनाव जीत जाते तो उपेंद्र कुशवाहा केंद्रीय मंत्री होते- ठाकुर
उन्होंने कहा कि बीजेपी में डिप्टी सीएम कुशवाहा समाज से हैं। वहीं अगर उपेंद्र कुशवाहा भी काराकट से जीत गए होते तो वो आज केंद्रीय मंत्री होते। जेडीयू सांसद ने कहा कि अगर कुशवाहा समाज से 7 लोग सांसद बन भी गए होते तो क्या वो काम कराने उनके पास जाते?
देवेशचंद्र ठाकुर ने यादव और मुस्लिमों को लेकर क्या कहा?
सीतामढ़ी से नवनिर्वाचित सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि उनके पास मुस्लिम समाज के लोग अपना काम कराने आए थे, लेकिन हमने ये कहकर मना कर दिया कि आप लालटेन को वोट दिए हैं तो काम कराने हमारे पास क्यों आए हैं? उन्होंने कहा कि जब आप नरेंद्र मोदी का चेहरा देखकर हमें वोट नहीं किए तो हम आपका चेहरा देखकर लालू प्रसाद का काम क्यों करें। JDU सांसद ने ये भी कहा कि हम यादव और मुसलमान समाज का काम नहीं करेंगे। क्योंकि उन्होंने हमें वोट नहीं दिया है। अगर वो किसी काम से हमारे दरवाजे पर आना चाहते हैं तो बेशक आएं। लेकिन चाय नाश्ता करके चलते बनें। हम आपका काम नहीं करेंगे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in




