नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय शिरसाट को आयकर विभाग ने नोटिस भेजा है। जिसके बाद ये दावा किया जा रहा था कि, उनपर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। अब इनकम टैक्स के नोटिस और दबाव के दावे पर संजय शिरसाट ने जवाब दिया है। जाने क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय शिरसाट ने कहा कि आयकर विभाग ने जवाब देने के लिए मुझे 9 जुलाई तक का समय दिया था, मैंने समय मांगा है और हम जवाब देंगे। एजेंसी अपना काम कर रही है। मंत्री संजय शिरसाट ने कहा, आयकर विभाग सबकी जांच करता है। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे और मुझे नोटिस मिले है तो हमें आयकर विभाग को जवाब देना ही होगा। मुझे 9 जुलाई तक जवाब देने को कहा गया था जिसमें मैंने समय मांगा है हम किसी भी जांच का सामना करेंगे। हम जवाब देंगे।
शिरसाट ने कहा, नोटिस भेजना ये इनकम टैक्स का काम है, हमें उनके काम में सहयोग करना चाहिए, एजेंसी के नोटिस का जवाब देना चाहिए। किसी भी तरह की जांच का हमेशा सामना करना चाहिए। क्योंकि इनकम टैक्स विभाग ने जो नोटिस दिया है उसका जवाब देना लाजमी है। साथ ही संजय शिरसाट ने ये भी कहा, यह कोई राजनीतिक मामला नहीं है कोई भी हम पर दबाव बनाने की कोशिश नहीं कर रहा है। मैं यह नहीं कहूंगा कि, शिवसेना को दबाया जा रहा है। अगर किसी को नोटिस मिलता है, तो इसका मतलब है कि एजेंसी अपना काम कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें, यह मामला छत्रपति संभाजीनगर के विट्स होटल लिलाव मामले से भी जुड़ा है। इस प्रकरण में शिरसाट के बेटे सिद्धांत और पत्नी विजया की भागीदारी को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे। आरोप था कि होटल की बाजार कीमत 110 करोड़ रुपये थी। लेकिन इसे 67 करोड़ रुपये में खरीदा गया। बाद में शिरसाट ने इस टेंडर प्रक्रिया से पीछे हटने की घोषणा की थी। फिर भी विपक्ष ने इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में उठाया और अब आयकर विभाग की नोटिस ने इस विवाद को और हवा दी है। महायुति गठबंधन में पहले से ही कई मुद्दों पर तनाव की खबरें आ रही थी वहीं अब शिरसाट ने हाल ही में वित्त मंत्री अजित पवार पर सामाजिक कल्याण विभाग के फंड को दूसरी योजनाओं में डायवर्ट करने का आरोप लगाया था। आयकर नोटिस का मुद्दा उनके लिए नई चुनौती बन सकता है। शिरसाट ने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के सामने भी उठाएंगे।




