नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। Haryana Assembly Elections 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां मतदाताओं को अपनी तरफ करने में जुटी हुई हैं। जहां बीजेपी ने गृह मंत्री अमित शाह, पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को चुनाव मैदान में उतार रखा है। तो वहीं कांग्रेस भी लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा को उतार दी है। आज राहुल गांधी हरियाणा के मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए विजय संकल्प यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा सुबह 11 बजे अंबाला के नारायणगढ़ विधानसभा से होते हुए शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इस दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी रहेंगी। इसके अलावा हरियाणा कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं के राहुल गांधी के साथ रहने की उम्मीद है।
30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक निकाली जाएगी यात्रा
राहुल गांधी के द्वारा निकाली जा रही विजय संकल्प यात्रा 30 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक होगी। इस दौरान राहुल गांधी लोगों को कांग्रेस को वोट देने की अपील करेंगे। यह यात्रा हरियाणा के 7 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। जिसमें नारायणगढ़, मुलाना, रादौर, लाडवा, सधौरा, पिपली और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। बता दें कि, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस लाडवा में संकल्प यात्रा शुरू कर बीजेपी को बताना चाहती है कि मुख्यमंत्री सैनी की सीट भी सुरक्षित नहीं है और उसमें भी कांग्रेस सेंध लगा सकती है।
10 सालों बात सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही कांग्रेस
हरियाणा की सत्ता में कांग्रेस 10 सालों बाद दोबारा से लौटने का प्रयास कर रही है। ऐसे में पार्टी के द्वारा अपने स्टार प्रचारकों की सूबे में ज्यादा से ज्यादा रैलियां रखी गई हैं। विजय संकल्प यात्रा के दौरान राहुल गांधी कुरुक्षेत्र के थानेसर में भी एक जनसभा को आयोजित करेंगे। राहुल गांधी की इस जनसभा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।
असंध से की थी अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत
बता दें कि, हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने करनाल के असंध से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी दल पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की सैनी सरकार ना तो किसानों के लिए कोई काम किया और ना ही युवाओं को लेकर। राहुल गांधी ने सैनी सरकार पर बेरोजगारी को लेकर भी जमकर हमला किया था।




