नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। Jharkhand assembly elections झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अभी चुनाव आयोग ने कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन अभी से राजनीतिक बिसात बिछने शुरू हो गए हैं। अब झारखंड विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की एंट्री हो गई है। केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज धनबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव में अपना दमखम दिखाएगी।
पिता के सपने को पूरा करने निकला हूं- चिराग
मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा झारखंड विधानसभा चुनाव में जोर आजमाइश करेगी। पार्टी पिछले कुछ वर्षों में संगठन स्तर पर काफी मजबूत हुई है। मेरे पिता रामविलास पासवान जी का झारखंड में एक मजबूत जनाधार रहा है। झारखंड मेरी जन्मभूमि की तरह है। मैं जब पैदा हुआ था तब बिहार और झारखंड एक ही थे। इसलिए मैं अपने पिता के सपने को पूरा करने निकला हूं।
गठबंधन पर नहीं दी जानकारी
हालांकि चिराग पासवान ने इस दौरान यह नहीं बताया कि उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी या किसी के साथ गठबंधन करके। हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि इसका फैसला राज्य इकाई करेगी। चिराग पासवान ने कहा कि अभी राज्य में विभिन्न स्तरों पर बातचीत चल रही है। चुनाव का नोटिफिकेशन आते-आते ये स्पष्ट हो जाएगा कि हम अकेले उतरेंगे या गठबंधन के साथ।
बीजेपी और AJSU के बीच सीट बंटवारा अंतिम चरण में
बता दें कि, झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी सीट बंटवारे पर अपने सहयोगियों के साथ बातचीत कर रही है। हालांकि इसमें बीजेपी ने चिराग पासवान की पार्टी को नजरअंदाज किया है। झारखंड बीजेपी प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और एजेएसयू अध्यक्ष सुदेश महतो ने अमित शाह के साथ बैठक कर सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया। बीजेपी झारखंड में लोजपा के साथ गठबंधन करने के मूड में नहीं दिख रही है।




