नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 5 अक्टूबर को हरियाणा चुनाव (Haryana Assembly Election) संपन्न हुए थे और अब सभी उम्मीदवारो की किस्मत ईवीएम में कैद है। हालांकि महज कुछ देर के बाद ही वोटों की गिनती शुरु हो जाएगी और इस बात को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी कि अगले 5 साल हरियाणा में किसकी सरकार होगी। चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक BJP हैट ट्रिक लगाने से चूक सकती है और कांग्रेस स्पष्ट जनादेश के साथ सरकार बना सकती है।
एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त
चुनाव खत्म होते ही कई प्रतिष्ठित मीडिया एजेंसी ने एग्जिट पोल जारी कर दिए थे जिसमें एक मत यह निकल कर आया है कि BJP सरकार बनाने से दूर रह सकती है जबकि कांग्रेस सरकार बनाने के सबसे करीब नजर आ रही है। दैनिक भास्कर के पोल के मुताबिक BJP को 15-29 सीट मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस 44-54 सीट के साथ बहुमत के आंकडे को पार करती हुई दिखाई दे रही है। इनेलो 1-5 सीट और अन्य को 6-9 सीटों के साथ संतोष करना पड़ सकता है। पीपल्स पल्स के मुताबिक भाजपा को 20-32 सीट मिलने का अनुमान हैं और इस पोल में भी कांग्रेस 49-61 के बीच सीट जीतकर सरकार बना सकती है। JJP को 0-1 और अन्य को 5-8 सीट मिल सकती हैं। आज तक और सी-वोटर के मुताबिक कांग्रेस को 50-58 सीट मिलने का अनुमान है जबकि बीजेपी को 20-28 सीट मिल सकती हैं। हालांकि ये आंकडे एग्जिट पोल के हैं, असली नतीजे ईवीएम खुलने के बाद ही सामने आएंगे।
BJP का दावा- हम बनाएंगे सरकार
हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग हुई है। ऐसा माना जाता है कि वोटिंग प्रतिशत का बढ़ना सत्ता विरोधी लहर की पहचान होती है। हालांकि बीजेपी का मानना इससे अलग है। एग्जिट पोल के नकारते हुए भाजपा ने एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। बीजेपी का कहना है कि वोटिंग प्रतिशत का बढ़ना सत्ता से मोहभंग नही लाभार्थी वर्ग का उनके प्रति उत्साह है। हालांकि एक बात तो तय है कि मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही है। AAP, JJP और इनेलो जैसे दल कुछ खास कमाल करते हुए नही दिखाई दे रहे।




