नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक को पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) में गिरफ्तार किए जाने से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज़ हो गई है। मंगलवार को विधायक के पिता और परिवार के अन्य सदस्य मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करने पहुंचे।
सीएम उमर अब्दुल्ला नेसोशल मीडिया एक्स पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा कि, विधायक मेहराज मलिक पर PSA लगाना गलत है। सीएम ने कहा कि, यह क़ानून का दुरुपयोग है और विधायक को जल्द से जल्द छोड़ा जाना चाहिए क्योंकि प्रशासन का रवैया न्यायसंगत नहीं है।
AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मेहराज मलिक को रिहा करने की मांग
मंगलवार (9 सितंबर) को डोडा में AAP कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के विरोध में ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और विधायक की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
विधायक के समर्थक पुलिस से जा भिड़े
प्रदर्शन के दौरान डुनाडी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और समर्थकों के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। हाथापाई और धक्का-मुक्की के बीच बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर डटे रहे और “मेहराज को रिहा करो” के नारे गूंजते रहे। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की, लेकिन इससे तनाव और गहरा गया।
मेहराज मलिक पर क्या हैं आरोप?
AAP विधायक मेहराज मलिक पहले भी अपने विवादित बयानों और आक्रामक रवैये के कारण सुर्ख़ियों में रह चुके हैं। उन पर शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप हैं। डोडा ज़िले के विभिन्न थानों में उनके खिलाफ अब तक 18 FIR दर्ज हो चुकी हैं।
हाल ही में स्वास्थ्य केंद्र को लेकर हुए विवाद में उन्होंने अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया था, जिसके बाद प्रशासन ने उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की। PSA के तहत हुई गिरफ्तारी ने इस पूरे मामले को और अधिक तूल दे दिया है।





