नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने FIITJEE कोचिंग के मालिक डीके गोयल के खिलाफ शिंकजा कसा है। ईडी ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-नोएडा और गुरुग्राम समेत 8 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। FIITJEE के मालिकों और प्रमोटर्स पर आरोप है कि उन्होंने कोचिंग सेंटर से लिए गए पैसों को अपने निजी फायदे के लिए और दूसरी कंपनियों में लगाए हैं।
नोएडा पुलिस ने फिटजी से जुड़े खातों को किया था सीज
यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की गई है, और यह कोचिंग सेंटर के मालिकों और प्रमोटर्स से जुड़े ठिकानों पर मारी गई है। ED ने बताया कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कई FIR दर्ज होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि फिटजी के सैंकड़ों एजुकेशन सेंटर बंद होने के बाद 12 हजार छात्रों भविष्य अधर में लटक गया है। इसके मालिकों को करीब 12 करोड़ का फायदा हुआ है। इससे पहले फरवरी में नोएडा पुलिस ने फिटजी से जुड़े खातों को सीज कर दिया था। गोयल से जुड़े खातों में 11 करोड़ 11 लाख रुपये सीज किए गए थे।
गोयल सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
FIITJEE के अचानक बंद होने पर अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए थे। अभिभावकों का कहना था कि संस्थान ने पहले 5-6 लाख रुपये फीस ली फिर अचानक कोचिंग सेंटर बंद कर दिए। थाना सेक्टर 58 में संस्थान के मालिक दिनेश गोयल समेत अन्य संचालकों के खिलाफ क्लासेस बंद होने के बाद केस दर्ज कराया गया गया था। इस मामले में इनके खिलाफ आपराधिक साजिश और विश्वासघात जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गोयल के घर और ऑफिस की तलाशी
इस मामले में ईडी मुख्य साजिशकर्ताओं के घरों की तलाशी ले रही है। इसमें प्रमोटर डीके गोयल का घर और कुछ ऑफिस शामिल हैं। ED का कहना है कि कोचिंग सेंटर से लिए गए पैसे का गलत तरीके से उपयोग किया गया। ऐसे में इस मामले की पूरी जांच की जा रही है ताकि पता चल सके कि पैसे का गलत इस्तेमाल कैसे और क्यों किया गया





