नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आजमगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले 2 लोगों को रानी की सराय इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद फैसल (30) और कुलदीप गौतम (25) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी आजमगढ़ के ही निवासी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर गहन जांच कर रही है।
जामतारा गैंग के साथ मिलकर करते थे साइबर ठगी
दरअसल 25 अगस्त को आजमगढ़ के साइबर क्राइम थाने को शिकायत मिली थी कि कुछ लोग झारखंड के जामतारा के साइबर अपराधियों से मिलकर आजमगढ़ में साइबर क्राइम को अंजाम दे रहे हैं। आरोपी फर्जी पतों पर बैंक खाते खोलकर और फर्जी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को ये भी सूचना मिली थी कि आरोपी इन खातों में साइबर ठगी के पैसों को जमा करते हैं और एटीएम के माध्यम से 25 फीसदी अपना कमीशन काटकर बाकी पैसे जमातारा गैंग के खातों में जमा कर देते हैं। जिसके बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दो आरोपियों को रानी की सराय इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
5 लोगों का गिरोह करता है आजमगढ़ में ठगी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका 5 लोगों का गिरोह है। जिसका सरगना दाऊद है और वो भी आजमगढ़ का ही रहने वाला है। ये पांचों मिलकर साइबर ठगी को अंजाम देते हैं। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि ये उन लोगों को निशाना बनाते हैं जिन्हें तुरंत पैसों की जरूरत होती है। ये उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल करके फर्जी नाम-पते पर बैंक खाता खुलवाते हैं और खाता धारकों को खाते खोलने के बदले 3-4 हजार रुपये दे देते हैं।
25 फीसदी कमीशन पर करते हैं काम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दाऊद और उसके साथी फर्जी खातों के जरिये ठगी का पैसा जमा करते हैं और फिर एटीएम के माध्यम से अपना 25 फीसदी कमीशन काटकर बाकि पैसे जामतारा के अपराधियों के खातों में जमा कर देते हैं।
ये सामग्री हुई बरामद
पुलिस को आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन, 2 पैन कार्ड, 5 आधार कार्ड और एक आधार कार्ड की फोटोकॉपी, 29 बैंक खातों के लेन देन की सूचना, 5 एटीएम कार्ड, 2 एटीएम किट डॉक्यूमेंट्स, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, 1 ई श्रम कार्ड इत्यादी बरामद सामग्री बरामद हुई है।
3 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी आजमगढ़ पुलिस
फिलहाल आजमगढ़ पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है। पुलिस फरार चल रहे 3 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। गिरफ्तार चल रहे आरोपियों में दाऊद, मुननी लाल और अफसर हैं। ये सभी आजमगढ़ के ही निवासी हैं। पुलिस इनके साथ काम करने वाले अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।





