नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के लोगों के लिए बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है। इसका लाभ मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 29 अक्टूबर 2024 को मेरठ में राज्य कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित ईएसआईसी (ESIC) हॉस्पिटल के शिलान्यास के मौके पर ऐलान करते हुए कहा कि गाजियाबाद में दिल्ली एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार जमीन देगी। सीएम योगी ने कहा कि जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
गाजियाबाद में दिल्ली एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनाया जाएगा
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले कार्यक्रम अखिल भारतीय आयुर्वेद सम्मेलन में मेरठ से ऑनलाइन शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली AIIMS से आग्रह किया है कि गाजियाबाद में दिल्ली एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनाया जाए, इसके लिए जमीन हम देंगे। ताकि इसका सीधा लाभ मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा और बुलंदशहर के लोगों मिल सके।
मेरठ के श्रमिकों को लखनऊ की तरह ही मेडिकल सुविधा मिलेगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ कंकरखेड़ा के मार्शल पिच पर ESIC अस्पताल के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि मेरठ एक बड़े अवसंरचना केंद्र के रूप में उभर कर सामने आया है। एक्सप्रेसवे बन गया, रैपिड रेल आ गई है। गंगा एक्सप्रेसवे भी बन रहा है, कुंभ स्नान करने के लिए इसी से होकर जाइएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में आगे कहा कि मेरठ के श्रमिकों को लखनऊ और गोरखपुर के अस्पताल की तरह ही मेडिकल सुविधा मिलेगी। वर्ष 2017 के बाद राज्य के 75 जिलों में से 64 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन हैं या बन रहे हैं। बाकि के 11 जिलों में भी जल्द मेडिकल कॉलेज बनेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए प्रत्येक कमिश्नरी पर अटल आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं। इनमे बच्चों के लिए निशुल्क अध्ययन, रहने एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है।




