नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चिंता जताई है। सीएम ममता बनर्जी ने राज्य पुलिस से पश्चिम बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के लिए आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसको लेकर दावा किया है कि कुछ आपराधिक तत्व आने वाले त्योहार के दौरान राज्य में अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हैं। ममता बनर्जी ने दिवाली, काली पूजा और छठ पूजा समारोहों के दौरान असमाजिक तत्वों की साजिश को नाकाम करने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस से आग्रह किया है।
“बंगाल में सांप्रदायिक दंगे भड़काने की साजिश की जा रही है”
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि जल्द ही काली पूजा आने वाली है। पश्चिम बंगाल पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को खुफिया जानकारी जुटाने में लग जाना चाहिए और यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि राज्य में कोई विस्फोट न हो। पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक दंगे भड़काने और हिंसा पैदा करने की साजिश की जा रही है। इसको रोकना चाहिए।
“मीडिया इसे गलत तरीके से पेश करने से बचें”
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि इस साल काली पूजा दिवाली के दिन ही 31 अक्टूबर 2024 को होगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस को अलर्ट करते हुए कहा है कि कुछ असमाजिक तत्व त्योहारों के दौरान विशेष रूप से कोलकाता में, धार्मिक शांति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि मै राज्य में किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव नहीं चाहती हूं। पश्चिम बंगाल पुलिस को ऐसे असामाजिक तत्वों का पता लगाकर, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मीडिया से भी आग्रह किया है कि वे इसे गलत तरीके से पेश करने से बचें।
वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चक्रवात दाना को लेकर पश्चिम बंगाल में 1 व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल में 2.16 लाख लोगों को निचले इलाकों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों में ले जाया गया ह।ै





