नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए लाए गए समोसे के गायब हो जाने को लेकर CID की अनोखी जांच पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 21 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के सीआईडी मुख्यालय में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उनके लिए रेडिसन ब्लू होटल से समोसे और केक के तीन डिब्बे मंगवाए गए थे। लेकिन इनको मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की जगह CID ने अपने ही अधिकारियों को परोस दिया।
यह जांच डिप्टी SP रैंक के अधिकारी द्वारा की गई
इसके बाद CID ने समोसे और केक के गायब होने को लेकर जांच बैठा दी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह जांच डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की गई। CID की इस जांच में खुलासा हुआ कि आईजी स्तर के एक अधिकारी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समोसे और केक लाने की जिम्मेदारी एक सब-इंस्पेक्टर को सौंपी थी। जिसका पालन करते हुए सब-इंस्पेक्टर (SI) ने अपने अधीन एक सहायक एसआई (ASI) और एक हेड कांस्टेबल को रेडिसन ब्लू होटल से नाश्ता लाने की जिम्मेदारी सौंप दी थी। जिसके बाद सहायक एसआई (ASI) और एक हेड कांस्टेबल आदेश का पालन करते हुए रेडिसन ब्लू होटल से तीन सीलबंद डिब्बे लाकर सब-इंस्पेक्टर को सौंप दिए।
सिर्फ SI को यह जानकारी थी कि ये नाश्ता CM का है
बाद में, सुरक्षा टीम के सदस्यों ने पर्यटन विभाग के कर्मचारियों से पुष्टि करने की कोशिश की कि क्या ये तीनो नाश्ता के बॉक्स मुख्यमंत्री के लिए हैं। पर्यटन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि ये आइटम तो सीएम के लिए तैयार किए गए मेनू में शामिल नहीं है। जिसके बाद बड़ा भ्रम वाला माहौल बन गया था। CID की जांच में यह बात भी आई है कि सिर्फ एसआई को यह जानकारी थी कि ये तीनों नाश्ता के बॉक्स सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए थे। लेकिन निर्देशों के आभाव में यह जानकारी अन्य अधिकारियों तक पहुंच ही नहीं पाई। जिसके कारण ये नाश्ता CID के अधिकारियों ने ही खा लिए थे।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने समोसे को लेकर बयान दिया है कि वह समोसे खाते ही नहीं हैं। बेकार में विपक्ष इसको बड़ा मुद्दा बना रहा है।





