नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किया गया। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले को दौरान ट्रेन के तीन कोच के शीशे टूट गए। पांचों आरोपी बागबाहरा के रहने वाले हैं। पुलिस आरोपियों को आज कोर्ट में पेश करेगी।
बागबाहरा के पास ट्रेन पर किया गया पथराव
RPF अधिकारी परवीन सिंह ने बताया कि 16 सितंबर से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का कल ट्रायल हुआ। ट्रेन महासमुंद से सुबह 7.30 बजे निकली। जैसे ही ट्रेन बागबाहरा के पास पहुंची कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद ट्रेन में मौजूद सपोर्टिंग टीम ने पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। इनके नाम शिव कुमार बघेल, देवेंद्र कुमार, जीतू पांडे, सोनवानी और अर्जुन यादव हैं। ट्रेन में हुए पथराव के कारण ट्रेन के शीशे टूट गए हैं।
पहले भी सामने आ चुकी है पत्थरबाजी की घटना
इससे पहले कई शहरों में वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंके जा चुके हैं। कुछ दिन पहले लखनऊ से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर आज्ञात व्यक्ति ने पत्थरबाजी की थी। घटना वाराणसी के पास बुधवार रात हुई थी। आरोपी ने पत्थर मारकर रेल के शीशे को नुकसान पहुंचाया था।
पिछले महीने जुलाई में भी हुई थी ऐसी घटना
पिछले महीने जुलाई में भी गोरखपुर से लखनऊ जा रही वंदे भारत ट्रेन पर भी आराजक तत्वों ने पत्थर फेंके थे। ट्रेन के खिड़कियों के कई शीशे टूट गए थे। पथराव से ट्रन में यात्रा करने वाले यात्री डर गए थे। हालांकि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ था।
इन शहरों में भी हो चुकी है ऐसी ही घटना
जबसे वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत हुई है तबसे गुजरात , बिहार, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, बंगाल में भी ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।




