नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के बीड में ठीक ईद उल-फितर से एक दिन पहले बड़े धमाके की खबर सामने आई है, यहां रविवार को एक मस्जिद में धमाका हुआ है। जिसमें किसी के हताहत होने की खबर नही है, बताया जा रहा है कि, यह धमाका एक शख्स द्वारा रखी गई जिलेटिन रॉड की वजह से हुआ है। जिसमें मस्जिद का आंतरिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
गांव में भारी सुरक्षा बल की तैनाती कर दी है
पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरु कर दी है। इस घटना के बाद से गांव में डर का माहौल है। इसी के साथ एक अधिकारी ने बताया कि, किसी भी गलत सूचना के फैलने से बचने के लिए गांव में भारी सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति मस्जिद के पिछले हिस्से से घुसा और वहां कुछ जिलेटिन की रॉड रख दी, जिससे यह विस्फोट हुआ है
दो लोगों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है
इस धमाके के बारे में गांव के प्रधान ने सुबह तलवाड़ा पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी के साथ ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और फोरेंसिक साइंस टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसमें फिलहाल दो लोगों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। और आगे की जांच जारी है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने लोगों से किसी भी गलत अफवाह पर ध्यान ना देने की अपील भी की है।
पूरी मुंबई में सुरक्षा अलर्ट जारी
इस धमाके से ठीक चार दिन पहले ही पूरी मुंबई में सुरक्षा अलर्ट जारी हो चुका है। जानकारी के मुताबिक, 27 मार्च को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ था जिसमें दावा किया गया कि कुछ घुसपैठिए दंगे व बम धमाकों की साजिश रच सकते हैं। इस पोस्ट के बाद से ही मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। और संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी, खासकर डोंगरी जैसे इलाकों में साइबर सेल ने भी पोस्ट की जांच शुरू कर दी है। और धमकी देने वाले शख्स की तलाश जारी है।




