नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने आज लोकसभा में बजट पर चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि अगर ये काम यूपी में किया होता तो राज्य में बीजेपी की इतनी कम सीटें नहीं आती।
बजट में कुछ नया नहीं है- अखिलेश यादव
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी में विकास के मुद्दे को संसद में उठाते हुए कहा कि हम 10 साल में वहीं खड़े हैं जहां पहले थे। हमें ऐसा कुछ नया नहीं दिख रहा है। लोकसभा चुनाव में यूपी के आए परिणाम में वो दिखाई देता है कि आपने यूपी में कितना काम किया है। अगर आपने सबकुछ बेहतर किया होता तो क्या ऐसे परिणाम आते ? यूपी में आप सिर्फ हारे नहीं हैं बल्कि सीटें भी कम हुई हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम मोदी भी हारें हैं। जहां आपको 5 लाख से जीतना चाहिये था वहां आप कितने वोट पाए?
सरकार बनने की खुशी चेहरे पर नहीं दिख रही
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि इस सरकार का ये 11वां बजट है। इस बजट के बाद भी नाउम्मीदी ही दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग सरकार में हैं इसलिए अच्छी बातें करेंगे। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए आगे कहा कि सरकार बनने के बाद जो भी खुशी होनी चाहिये थी, वो नहीं दिखाई दे रही है।
बजट में बेरोजगारों, युवाओं और गांव के लोगों के लिए कुछ नहीं है
अखिलेश ने कहा कि इस बजट में बेरोजगारों, युवाओं और गांव के लोगों के लिए कुछ नहीं है। लोगों के लिए जो परेशानी का मुद्दा है वो बजट से गायब है। लोग महंगाई से परेशान हैं। मैं पिछले 10 सालों का आंकड़ा देखता हूं तो ये सोचता हूं कि जब पिछले 10 सालों में सबकुछ अच्छा हुआ तो आप हंगर इंडेक्स में कहां खड़े हैं।
पिछले 10 सालों में कोई IIT या IIM नहीं मिला
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी जैसे बड़े राज्यों से सबसे ज्यादा सांसद चुने जाते हैं। हमें बजट में कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में कोई IIM या IIT मिला हो तो बताएं। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि मैने मांग की थी कि जनकपुर से अयोध्या तक एक्सप्रेस वे बनना चाहिये।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in





