नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कांग्रेस नेता उदित राज ने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती पर विवादित बयान दिया है। उनके बयान पर मायावती के भतीजे आकाश आनंद आगबबूला हो गए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस को उदित राज को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। गिरफ्तान न करने पर उन्होंने चुप न बैठने की बात भी कही है। अब इस पूरे मामले में मायावती का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने बिना नाम लिए उदित राज पर हमला बोला है और उनकी बात को गंभीरता से न लेने की बात कही है।
क्या है उदित राज की विवादित टिप्पणी जिसपर जमकर बवाल हो रहा है
उदित राज लखनऊ में प्रेस कांफ्रेस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया के लिए कुछ ऐसा बोल दिया जिसके बाद यूपी की सियासत में उबाल देखने को मिल रहा है। दरअसल, कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि ”कृष्ण ने कहा था कि न्याय के लिए लड़ो, जरूरत पड़े तो अपने सगे संबंधियों को भी मार दो। बसपा की प्रमुख मायावती ने सामाजिक आंदोलन का गला घोंट दिया है, अब उनका गला घोंटने का वक्त आ गया है।”
आकाश आनंद ने यूपी पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
उदित राज के इस बयान पर मायावती के भतीजे आकाश आनंद की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर जल्द से जल्द उदित राज की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्यवाई की मांग की है। आकाश आनंद ने कहा कि अगर पुलिस गिरफ्तार नहीं करती तो देश का बहुजन युवा इनके अच्छे से सबक सिखाएगा। मायावती ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि कुछ दलबदलू और स्वार्थी लोग अपने आकाओं को खुश करने के लिए अर्नगल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।




