नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के कैमूर जिले में शुक्रवार की रात को एक युवक की काली माता मंदिर में गला रेतकर बलि चढ़ा दी गई। यह वारदात बेलाव थाना क्षेत्र के अंतगर्त पड़ने वाले बेलांव गांव की है। इसी गांव के पूरब मां काली मंदिर में युवक की गला रेतकर बलि चढ़ा दी गई। मृतक युवक का नाम पंकज कुमार है, उसकी उम्र 23 वर्ष थी।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है
जानकारी के अनुसार मृतक युवक बेलांव गांव के पास के ही सोनरा गांव का निवासी था। इस वारदात ने लोगों के दिल में दहशत भर दी है। जैसे ही इस वारदात की खबर इलाके में फैली तो वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गयी थी। मिली जानकारी के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
नाराज परिजनों ने पुलिस को मृतक का शव नहीं उठाने दिया। नाराज परिजनों ने आरोपियों को फांसी पर चढ़ाने और परिवार के साथ न्याय करने की मांग कर डाली। बेलाव थाने की पुलिस ने मृतक के परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस वालों के समझाने और आश्वासन के बाद नाराज परिजनों ने मृतक के शव को पुलिस के कब्जे में दे दिया। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
लड़की के घरवालों ने गला रेतकर पंकज की हत्या कर दी
मृतक की चाची ने जानकारी दी कि उन्हें इस वारदात की सूचना 8 जून 2024 को सुबह 6 बजे बेलाव गांव के लोगों से मिली। मृतक का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। मृतक युवक पंकज ने लड़की से महाराष्ट्र में शादी की थी। वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था। 7 जून 2024 को जब पंकज बेलाव सब्जी लेने गया तो वापस नहीं लौटा। मृतक की चाची ने आगे बताया कि उन्हें 8 जून 2024 की सुबह पंकज की हत्या की जानकारी मिली। लड़की के घरवालों ने गला रेतकर पंकज की हत्या कर दी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए भभुआ एसडीपीओ शिवशंकर भी घटना स्थल पहुंचे। एसडीपीओ शिवशंकर ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग का है। इस मामले में दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





