नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के गोंडा में गुरुवार को एक बार फिर ट्रेन हादसा हो गया। चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कोच पटरी से उतर गए। हालिया जानकारी के अनुसार 10 से 12 डिब्बे ट्रेन की पटरी से उतर गए हैं। इनमें सबसे बुरी हाल एसी कोच का है। जानकारी के अनुसार गोंडा के पास झिलाही रेलवे स्टेशन के पास डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। ताजा जानकारी के अनुसार 4 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है।
रेलवे विभाग को दी गई है जानकारी
15904 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस चंडीगढ़ से खुलकर डिब्रूगढ़ तक जाती है। गुरुवार को यह ट्रेन चंडीगढ़ से खुली थी। जब दोपहर गोंडा और बस्ती के बीच झिलाही स्टेशन के पास पहुंची तभी तेज आवाज से यात्रियों में हड़कंप मच गया। फिर अचानक पूरी ट्रेन हिलने लगी। इसके बाद ट्रेन अचनाक पटरी से उतरने लगी। गाड़ी पटरी से उतरते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन पटरी से उतरते ही किनारे में पलट गई। इस दौरान एसी बोगी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी सूचना तुरंत रेलवे विभाग को दी गई है।
योगी आदित्यनाथ ने दिए हर संभव मदद के निर्देश
गोंडा के झिलाही स्टेशन के पास ट्रेन हादसे का शिकार होने की सूचना जैसे ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पास पहुंची उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके का मुआयना और हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश के बाद सभी स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों पर नजर बनाये रखने के निर्देश दिए हैं।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




