नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारत में आज भी बहुत बड़ी संख्या में युवक बेरोजगार हैं। भारत के अधिकतर युवकों की पहली पसंद सरकारी नौकरी ही होती है। हर युवक चाहता है कि वह सरकारी नौकरियों के परीक्षा फॉर्म भरकर पूरी मेहनत के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करे। हालांकि सरकारी नौकरियां बेरोजगार युवकों की तुलना में कम होती हैं। लेकिन फिर भी देश के अधिकतर युवकों का सपना होता है कि वह पूरी मेहनत करके सरकारी प्रतियोगिया परीक्षाओं में सफलता हासिल करके जल्द से जल्द सरकारी नौकरी प्राप्त करे, ताकि वह अपने परिवार को गरीबी के दलदल से बाहर निकाल सके और अपना और अपने परिवार का भविष्य संवार सके। लेकिन अब सरकारी नौकरियों के फॉर्म को भरने के लिए सरकार ने 18% GST लगा दी है। जिससे सरकारी नौकरियों का आवेदन करने वाले बेरोजगार युवकों को आवेदन शुल्क के साथ उसपर 18% GST भी देना होगा। वहीं वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार के इस फैसले पर जमकर हमला बोला है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “भाजपा युवाओं को नौकरी तो दे नहीं सकती, लेकिन परीक्षा फॉर्म पर 18% जीएसटी वसूल कर युवाओं के जख्मों पर नमक जरूर छिड़क रही है। अग्निवीर समेत हर सरकारी नौकरी के फॉर्म पर जीएसटी वसूली जा रही है। फॉर्म भरने के बाद सरकार की विफलता से पेपर लीक हुआ, भ्रष्टाचार हुआ तो युवाओं के ये पैसे डूब जाते हैं। माता-पिता अपना तन-पेट काटकर, पाई-पाई जोड़कर बच्चों को पढ़ाते हैं, तैयारी कराते हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उनके सपनों को भी कमाई का जरिया बना लिया है।”
प्रियंका गांधी ने सरकारी नौकरी का एक परीक्षा फॉर्म भी साझा किया
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार के इस फैसले को जनता के सामने रखने के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, सुल्तानपुर का एक परीक्षा फॉर्म भी साझा किया है। जिसमे साफ-साफ देखा जा सकता है कि इस परीक्षा फॉर्म में आवेदन शुल्क पर 18% GST भी लगाई जा रही है। इस परीक्षा फॉर्म में आवेदन शुल्क और आवेदन शुल्क पर 18% GST जोड़कर कुल राशि भी दिखाई गई है, जो की आवेदक को अपने फॉर्म के साथ पे करना होगा।




