नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता नव्या हरिदास ने केरल उच्च न्यायालय में वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका दायर की है। हरिदास ने दायर याचिका में दावा किया कि प्रियंका ने नामांकन पत्र में अपनी और अपने परिवार की संपत्ति की ठीक से घोषणा नहीं की थी और गलत जानकारी दी थी। भाजपा नेता ने कहा कि यह आदर्श आचार संहिता के खिलाफ है और भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में आता है। अब सवाल ये है कि क्या बीजेपी नेता के इस कदम के बाद प्रियंका गांधी को अपना सांसद पद गंवाना पड़ेगा?
केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में नव्या हरिदास को कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाद्रा ने पांच लाख से ज्यादा वोटों से हरा दिया। याचिका दायर करने की पुष्टि करते हुए, नव्या हरिदास ने कहा कि मामले की सुनवाई जनवरी 2025 में होने की संभावना है, क्योंकि उच्च न्यायालय 23 दिसंबर से 5 जनवरी तक छुट्टी पर रहेगा।
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में कुल संपत्ति
चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे में प्रियंका गांधी ने बताया कि उनके पास 4.24 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 13.89 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। हलफनामे में उन्होंने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास 37.91 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। प्रियंका गांधी पर 15 लाख 75 हजार रुपये का कर्ज है, जबकि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा पर 10,03,30,374 रुपये का कर्ज है।
इन आकंड़ो को दी गई चुनौती
सोने-चांदी की बात करें तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रियंका गांधी के पास 59.83 किलो चांदी की वस्तुएं हैं। इनकी कुल कीमत 29.55 लाख रुपये है। उनके पास 4.41 किलो आभूषण हैं, जिनमें 2.5 किलो सोना है। इनकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख 79 हजार रुपये है। प्रियंका गांधी के पास होंडा CRV कार भी है। जहां तक जमीन की बात है तो उन्होंने हलफनामे में बताया है कि उनके पास 2 करोड़ 10 लाख रुपये से ज्यादा की कृषि भूमि है और उनका घर 48,997 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बना है, जो शिमला में स्थित है। किंतु भारतीय जनता पार्टी नेता नव्या हरिदास के अनुसार यह जानकारी सही नही है, उन्होंने इन सभी आकड़ों को चुनौती दी है।




