नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को होली, महाशिवरात्रि और रमजान जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने यह निर्देश लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था के उल्लंघन की अनुमति नहीं दी जाएगी और आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
सभी मंडल और पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े
बैठक में प्रदेश के सभी मंडलों, पुलिस जोन, रेंज और जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2 से 4 मार्च तक होली का पर्व मनाया जाएगा और ब्रज क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें।
रंग में भंग डालने वालों पर सख्ती- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि होली की शोभायात्राओं में उपद्रवी तत्वों की घुसपैठ किसी भी हाल में न होने पाए और रंग में भंग डालने या उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की घटनाओं से सीख लेकर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार सतर्कता, निगरानी और आयोजन प्रबंधन को और मजबूत किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होलिका दहन केवल परंपरागत स्थलों पर ही किया जाए और सड़क के बीच किसी भी स्थिति में इसे आयोजित न किया जाए।
सोशल मीडिया और महत्वपूर्ण आयोजनों पर सतर्कता
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली पोस्टों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महाशिवरात्रि, होली और रमजान के साथ ही माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं, जनगणना और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान शांति, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के जिलाधिकारियों से महाशिवरात्रि की तैयारियों की जानकारी भी ली।
महाशिवरात्रि के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि 14 और 15 फरवरी को प्रमुख शिवधामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए सुगम दर्शन, यातायात, पार्किंग, महिला सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें 24 घंटे सक्रिय रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा और सुव्यवस्था में कोई कमी न रहे।
बोर्ड परीक्षाओं में शुचिता सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि 18 फरवरी से शुरू हो रही 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन हों। परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यातायात जाम के स्थायी समाधान, रात्रि 10 बजे के बाद डीजे व तेज ध्वनि उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध और धर्मस्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए।
नई परंपराओं की शुरुआत न हो-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रमजान और 21 मार्च को ईद के मद्देनजर धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी नई परंपरा की शुरुआत न होने पाए। उन्होंने कहा कि 19 मार्च से नवरात्र और उसके बाद रामनवमी का पर्व आएगा, इसलिए इन सभी आयोजनों की तैयारियां समय पर पूरी की जाएँ और जनगणना के प्रथम चरण के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।




