दो मौरंग खदान संचालकों ने जलधारा में बनाए थे पुल हमीरपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। जलालपुर थाना क्षेत्र की सीमा में बिरमा नदी की दो मौरंग खदानों में एसडीएम व खनिज अधिकारी ने राजस्व विभाग की टीम के साथ छापामारी की। मौके पर जलधारा में तीन अवैध पुल बने मिले। अधिकारियों ने जेसीबी मशीन के जरिए उन्हें तुड़वा दिया तथा आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को सूचना भेजी है। बिरमा नदी की मौरंग खदान संख्या 23/28 व 10/36 के पट्टा धारक जलधारा में अवैध पुल बनाकर खनन कर रहे थे। इसकी सूचना पर शुक्रवार को एसडीएम सरीला जुबेर बेग व खनिज अधिकारी केके राय तथा लेखपाल, कानूनगो सहित जलालपुर पुलिस ने संयुक्त छापामारी की। एसडीएम ने बताया कि खंड संख्या 23/29 के पट्टा धारक ने लगभग 15 मीटर लंबा 6 मीटर चौड़ा तथा 10/36 के पट्टा धारक ने लगभग 12 मीटर लंबे तथा 6 मीटर चौड़े दो अवैध पुल जलधारा में बनाए थे। मौके पर दोनों पुलों को तुड़वा दिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए सूचना जिलाधिकारी को भेजी गई है। अफसरों की इस कार्रवाई से दोनों मौरंग खदानों में अफरा-तफरी मची रही। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दीपक




