मैहर/सतना, 28 मई (हि.स.)। सतना जिले के मैहर में शुक्रवार को मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक बार फिर विवादित बयान दिया। कोरोना से मौत के आंकड़ों पर वह लगातार केंद्र और राज्य की सरकार को घेर रहे हैं। सतना जिले के मैहर में कमलनाथ ने फिर से एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत महान नहीं, भारत बदनाम है। सब देशों ने रोक लगाई है कि भारत के लोग नहीं आ सकते हैं। जानकारी के अनुसार कमलनाथ ने मैहर में मां शारदा देवी के सीढ़ी के नीचे से दर्शन किए। पूजा अर्चना करने के पश्चात मैहर सर्किट हाउस में पहुंचकर पत्रकारों से मुखातिब हुए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की शिवराज सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कई सवाल दागे हैं। सरकार पर आंकड़े छुपाने का भी आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने शिवराज की सरकार पर कई वार किए हैं। ‘इंडियन कोरोना’ वाले बयान पर पहले से घिरे कमलनाथ ने मीडिया से कहा कि भारत महान नहीं, मेरा भारत बदनाम है। सभी देश के लोग भारत से जाने वाले लोगों को रोक रहे हैं। कमलनाथ ने कहा कि किसी ने मुझे न्यूयॉर्क से फोन किया कि भारत के जो लोग टैक्सी चला रहे हैं, उनकी टैक्सी पर कोई नहीं बैठ रहा है। हिन्दुस्थान समाचार /श्याम पटेल/राजू




