मेदिनीनगर, 17 जून (हि.स.)। जिले के हैदरनगर बाजार में प्रतिदिन जाम लगना नियति बन गया है। बाजार क्षेत्र में चार चक्का वाहनों का आवागमन रहने के कारण प्रतिदिन जाम लग जाता है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। एक तरफ सभी व्यवसाइयों के दुकानों के आगे दुकान को सड़क पर लगाया जाता है तो दूसरी तरफ ग्राहक अपने बाइक को खड़ा कर सामानों की खरीदारी करते हैं। हैदरनगर चौक बाजार के समीप सब्जी व फल विक्रेताओं द्वारा भी सड़क पर ही अपने दुकानों को लगाकर सजाया जाता है। जाम लगने से प्रतिदिन कहीं न कहीं सब्जी व्यवसायी व वाहन चालकों में कहासुनी होती है। हालांकि, एक बाईपास सड़क का निर्माण भी हुआ तो वह कम दिनों में भी जर्जर हो गया। हैदरनगर देवी धाम से दलाल पट्टी होते हुए शुक्रबाजार, बभन्डीह मोड़ से मोहमदगंज व ग्रामीण क्षेत्र के सड़क को जोड़ती है लेकिन सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण चार चक्का वाहन को भी जाने में उक्त सड़क से परेशानी होती है। हैदरनगर बाजार के व्यवसायियों ने कई बार स्थानीय प्रशासन से अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय





