नई दिल्ली, (हि.स.)। सोमवार को अवैध रेत खनन पर नवजोत सिंह सिद्धू के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला बोलते हुए इसे फायदे वाली दोस्ती करार दिया है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस, दिल्ली में दोस्ती निभा रहे हैं। वहीं पंजाब में दोनों एक-दूसरे से भिड़ रहे हैं।
39,000 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है
मंगलवार को भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर साझा किए अपने बयान में कहा कि आज फायदे वाली दोस्ती क्या होती है, ये आप और कांग्रेस बखूबी बता रहे हैं। वे दिल्ली में दोस्त हैं और पंजाब में कुश्ती कर रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि भगवंत मान की सरकार में उनके संरक्षण में अवैध रेत खनन हो रहा है। 39,000 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है।
इस तरह का पाखंडी गठबंधन आज बनाया जा रहा है
शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले कहा था कि वे भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करेंगे और कांग्रेस के साथ कभी हाथ नहीं मिलाएंगे। आज वे एक-दूसरे के साथ गठबंधन में हैं। उन्होंने पूरी तरह से यू-टर्न ले लिया है। इस तरह का पाखंडी गठबंधन आज बनाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।
अब क्या आम आदमी पार्टी ने राजीव गांधी को माफ कर दिया है
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी द्वारा एक प्रस्ताव पारित किया गया था कि राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लिया जाना चाहिए, क्योंकि वह 1984 के सिख नरसंहार के मास्टरमाइंड थे। अब क्या आम आदमी पार्टी ने राजीव गांधी को माफ कर दिया है या कांग्रेस पार्टी ने राजीव गांधी की भूमिका स्वीकार कर ली है? इसका जवाब दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस और आप का गठबंधन सीट बटवारों में एकमत होते हैं या नहीं
नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से आप सरकार पर उठाये सवालो, आप तथा कांग्रेस के बीच दिल्ली में संभावित सीट बंटवारे को लेकर शहजाद पूनावाला ने यह टिप्पणी की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार AAP ने हरियाणा में 5, गुजरात में 1, गोवा में 1, दिल्ली में 4, और पंजाब में 6 लोकसभा सीट की मांग की है। अब देखना होगा कि क्या कांग्रेस और आप का गठबंधन सीट बटवारों में एकमत होते हैं या नहीं।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





