नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । वॉशिंगटन डीसी में आयोजित यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के एक कार्यक्रम में अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर उत्साहजनक बयान दिया। उन्होंने भारत के लिए अपने गहरे सम्मान और सराहना को व्यक्त करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौते की दिशा में ठोस प्रगति हो रही है। लटनिक ने भरोसा जताया कि इस बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को मूर्त रूप देने में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा।
“भारत मेरे दिल के बेहद करीब है”
यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के मंच से संबोधित करते हुए अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने भारत के प्रति अपने विशेष लगाव को साझा किया। उन्होंने कहा, “मैं भारत का जबरदस्त प्रशंसक हूं और ये बात भारत सरकार के लोग भी जानते हैं। मेरे सबसे करीबी मित्रों में निकेश अरोड़ा हैं, जो एक भारतीय हैं। जब मैं भारत जाया करता था, तो हम साथ में हाउस पार्टियों में शामिल होते, क्रिकेट खेलते और खूब मस्ती करते। भारत में बिताया गया वक्त मेरे लिए बेहद खास और यादगार रहा है।”
“मोदी और ट्रंप जैसे नेता आज की दुनिया में विरले हैं”
लटनिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संबंधों को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “डोनाल्ड ट्रंप हमारे प्रशासन के ऐसे एकमात्र नेता हैं जिन्हें पूरे अमेरिका की जनता ने प्रत्यक्ष रूप से चुना, ठीक वैसे ही जैसे नरेंद्र मोदी को भारत में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है। आज की वैश्विक राजनीति में ऐसे लोकप्रिय और शक्तिशाली जननेता बहुत कम देखने को मिलते हैं। यही वजह है कि मोदी और ट्रंप के बीच का संबंध बेहद मजबूत और विशिष्ट बन गया है।”
व्यापार समझौता जल्द हो सकता है
अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने व्यापारिक वार्ता को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा, “जो देश तेज़ी से कदम उठाते हैं, वे बेहतर सौदे हासिल करते हैं। मेरा मानना है कि भारत भी इसी दिशा में सक्रिय है, जिसकी मैं सराहना करता हूं। पहले ऐसे समझौते बनने में दो से तीन साल लग जाते थे, लेकिन अब हम कोशिश कर रहे हैं कि इसे मात्र एक महीने में पूरा किया जाए। यह पारंपरिक व्यापार प्रक्रिया से अलग है। हमें विश्वास है कि हम सही रास्ते पर हैं और अमेरिका तथा भारत के बीच जल्द ही एक लाभकारी व्यापार समझौता संभव है।”
“मजबूत राजनीतिक रिश्ते व्यापार वार्ताओं को सुगम बनाते हैं”
हॉवर्ड लटनिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच गहरे राजनीतिक संबंधों की वजह से भारत-अमेरिका के व्यापार वार्ताएं सरल और प्रभावी बनती हैं। उन्होंने कहा, “जब हम बातचीत की शुरुआत करते हैं, तो माहौल पहले से ही सकारात्मक होता है। इसी कारण वार्ताएं तेजी से आगे बढ़ती हैं और समाधान जल्दी मिल जाते हैं।”




