नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोलकिया से मुलाकात की। उन्होंने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट किया है। पोस्ट में मोदी ने लिखा- सुल्तान अली हसनल बोलकिया से मुलाकात कर आनंदित महसूस किया। इस बीच हम दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर बात हुई। हम लोग आगे चलकर व्यापारिक संबंध और लोगों के बीच संबंध को मजबूत करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
ब्रुनेई भारत का महत्वपूर्ण सहयोगी
इससे पहले हसनल बोलकिया और उनके करीबी परिवार के सदस्यों ने इस्ताना नुरुल ईमान पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। ब्रुनेई भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और भारत-प्रशांत के दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।
हवाई अड्डे पर हुआ जोरदार स्वागत
इससे पहले हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद मोदी ने भारत के उच्चायोग के नए चांसरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधान मंत्री मोदी ने कहा, “भारत के उच्चायोग के नए चांसरी का उद्घाटन करते हुए खुशी हो रही है, जो ब्रुनेई दारुस्सलाम के साथ हमारे मजबूत संबंधों का संकेत है। यह हमारे प्रवासी भारतीयों की भी सेवा करेगा।” प्रधानमंत्री ने ब्रुनेई स्थित ओमर अली सैफुद्दीन मस्जिद का भी दौरा किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक्स पर किया पोस्ट
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने दोनों नेताओं के बीच हुई अहम मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते लिखा कि यह महल 200,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है, जो विश्व का सबसे बड़ा आवासीय महल है। इसमें 1,788 कमरे, 257 बाथरूम और एक भव्य बैंक्वेट हॉल शामिल है, जिसमें 5,000 मेहमान बैठ सकते हैं। महल में 110 कारों के लिए पार्किंग, पांच स्विमिंग पूल और एक मस्जिद है जिसमें 1,500 उपासक रहते हैं।




