नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक को पाकिस्तान सरकार ने इस्लाम का ज्ञान देने के लिए अपने देश में आमंत्रित किया है। बता दें कि इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक हमेशा अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बना रहता है। जाकिर नाइक भारत का वांटेड है और देश में उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और भड़काऊ भाषण देने को लेकर UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जाकिर नाइक बेटे संग पाकिस्तान के 3 शहरों में देगा भाषण
खुद जाकिर नाइक ने पाकिस्तान से मिले न्योते की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी है। जाकिर नाइक ने इसको लेकर कहा है कि वह और उसका बेटा शेख फारिक नाइक पाकिस्तान सरकार के न्योते पर पाकिस्तान में भाषण देंगे। जाकिर नाइक ने कहा है कि वह और उसका बेटा पाकिस्तान के 3 शहरों में अपना भाषण देंगे। जाकिर नाइक ने कहा है कि उनका ये भाषण 5-6 अक्टूबर को कराची में, 12-13 अक्टूबर को लाहौर में और 19-20 अक्टूबर को इस्लामाबाद में होगा।
जाकिर नाइक वर्ष 2016 में भारत से मलेशिया चला गया था
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार जाकिर नाइक ने हाल में ही पाकिस्तान के एक यूट्यूबर के पॉडकास्ट में भारत वापस लौटने को लेकर पूछे सवालों का जवाब दिया। बता दें कि जाकिर नाइक पर आतंकी गतिविधियों के आरोप लगे थे। वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2016 में भारत से मलेशिया चला गया था। अब बात करते हैं, जाकिर नाइक ने भारत वापस लौटने के सवाल में क्या जवाब दिया था।
जाकिर नाइक ने यूट्यूबर के पॉडकास्ट में भारत वापस लौटने के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि भारत जाना बहुत ही आसान है, लेकिन वहां से मेरे लिए बाहर निकलना बहुत ही मुश्किल है। अगर मै भारत गया तो मेरे लिए रेड कॉर्पेट बिछा दिया जाएगा और मुझसे कहा जाएगा कि भीतर आइए और जेल में बैठ जाइए। इसके साथ जाकिर नाइक ने यूट्यूबर के पॉडकास्ट में कहा था कि वह भारत की आतंकी की सूची में पहले नंबर पर है।




