नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पिछले कुछ वर्षों से भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धार्मिक और पौराणिक फिल्मों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। दर्शकों की इन फिल्मों में रुचि ने निर्माताओं को बड़े बजट पर भव्य प्रोजेक्ट्स बनाने के लिए प्रेरित किया है। चाहे वो रामायण की कहानी हो या हनुमान जी की महागाथा। लोग इन पात्रों और कथाओं को नए विजुअल अनुभव के साथ बड़े पर्दे पर देखना पसंद कर रहे हैं। आने वाला वर्ष 2026 इस प्रवाह को और भी तेज करने वाला है, क्योंकि यह साल पूरी तरह धार्मिक फिल्मों से सराबोर होने जा रहा है।
दरअसल, इसे खास मना रही हैं, ये फिल्में । कैलेंडर साफ बताता है कि यह साल हनुमान और रामायण की कहानियों का है। इतिहास, अध्यात्म और मनोरंजन इन तीनों का संगम 2026 में नया रिकॉर्ड बनाने की पूरी क्षमता रखता है। हनुमान जी पर आधारित चार फिल्में, रामायण जैसी महागाथा पर बन रही एक मेगाबजट फिल्म और विष्णु अवतार परशुराम की कहानी, इन सभी के साथ 2026 धार्मिक फिल्मों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण वर्ष बनने जा रहा है।
आइए, महीने वार जानते हैं कि कौनसी फिल्म कब रिलीज होगी और उससे दर्शकों को क्या उम्मीदें हैं, 2026 के शुरुआती सात महीनों में कोई भी प्रमुख धार्मिक या पौराणिक फिल्म रिलीज के लिए तय होकर अब तक सामने नहीं आई है। लेकिन हो सकता है कि छोटे बजट की कुछ पौराणिक फिल्में इस अवधि में जगह बना लें, पर आधिकारिक रूप से बड़े बजट की रिलीज अगस्त से शुरू होंगी।
अगस्त 2026 : पहला बड़ा धमाका ‘नागजिला’
रिलीज डेट संभावित: 14 अगस्त 2026
अगस्त महीने में धमाका करेगी कार्तिक आर्यन और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘नागजिला’। यह एक फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन मृगदीप सिंह लांबा कर रहे हैं। ‘फुकरे’ जैसी फिल्मों के साथ अपनी हास्य शैली का दम दिखाने वाले लांबा इस बार नागलोक की पृष्ठभूमि पर एक दिलचस्प दुनिया गढ़ रहे हैं। फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही है और इसकी कहानी तीन भागों में तैयार की जा रही है। पहला भाग 2026 में आएगा और उम्मीद है कि यह युवा दर्शकों के साथ-साथ पौराणिक फैंटेसी पसंद करने वालों को भी खूब भाएगा।
अक्टूबर 2026 में हनुमान की महागाथा पर आएगी फिल्म ‘वायुपुत्र’
रिलीज डेट : दशहरा 2026 (अक्टूबर)
दशहरा के अवसर पर ‘वायुपुत्र’ नाम की यह एनिमेटेड फिल्म दर्शकों को हनुमान जी के पौराणिक पराक्रम की यात्रा पर ले जाएगी। फिल्म का निर्देशन ‘कार्तिकेय’ और ‘कार्तिकेय 2’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के निर्देशक चंदू मोंडेती कर रहे हैं। सितारा एंटरटेनमेंट और फॉर्च्यून फोर सिनेमा मिलकर इसे बड़े स्तर पर बना रहे हैं। एनिमेशन के माध्यम से हनुमान जी की कहानियों को आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के साथ प्रस्तुत करना युवाओं और बच्चों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
नवंबर 2026 : साल की सबसे महंगी रिलीज देखने को मिलेगी, ‘रामायणम् पार्ट 1’ के रूप में।
रिलीज डेट : दिवाली 2026 (नवंबर)
दिवाली पर आनेवाली इस फिल्म का इंतजार पूरे देश को रहेगा। ‘रामायणम् पार्ट 1’ इस भव्य प्रोजेक्ट का निर्देशन ‘दंगल’ फेम नितेश तिवारी कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्री राम की भूमिका में, जबकि साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगी। यश रावण का किरदार निभा रहे हैं और सनी देओल भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे।इस फिल्म को भारतीय सिनेमा का अब तक का सबसे बड़े बजट वाला प्रोजेक्ट कहा जा रहा है। इसका अनुमानित बजट 900 से 2000 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। दिवाली पर रिलीज होने के कारण यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई भी कर सकती है। हनुमान जी का किरदार भी इस फिल्म में विशेष रूप से दिखाई देगा।
दिसंबर 2026 : ‘महावतार’
रिलीज डेट : क्रिसमस 2026
वर्ष 2026 की आखिरी और बेहद खास रिलीज होगी ‘महावतार’। मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित और अमर कौशिक द्वारा निर्देशित यह फिल्म भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की कहानी दर्शाएगी। विक्की कौशल इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में पौराणिक कथा और आधुनिक टेक्नोलॉजी के मेल की उम्मीद है। क्रिसमस रिलीज होने के कारण यह छुट्टियों के दौरान बड़े परिवारिक दर्शक वर्ग को अपनी ओर खींच सकती है।
फिल्म चिरंजीवी हनुमान : द इटरनल और फिल्म ‘जय हनुमान’
दो और फिल्में, ‘चिरंजीवी हनुमान’ और ‘जय हनुमान’ भी 2026 में आने वाली हैं, लेकिन इनकी तारीखों का ऐलान अभी बाकी है। ‘जय हनुमान’, 2024 की सुपरहिट ‘हनु-मैन’ की सीक्वल है और इसे प्रशांत वर्मा निर्देशित कर रहे हैं।





