नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मूलचंद के रूप में हुई है। उसपर कमेटी के नाम पर लोगों करीब 50 लाख रुपये की मोटी रकम लेकर फरार होने का आरोप है। संयुक्त रूप से 24 लोगों ने उसके खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मूलचंद नामक व्यक्ति ने कमेटी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये जमा कराये। सभी लोगों ने 20 महीने तक 10 हजार रुपये प्रति महीने के हिसाब से जमा कराये, लेकिन जब रुपये लौटाने की बारी आई तो मूलचंद अपना मकान बेचकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों से उसपर करीब 50 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। आरोपित ने राशि लौटाने के नाम पर चेक दिया था, जो बैंक में जमा कराने पर बाउंस हो गये। कारोबार में घाटा होने पर बनायी ठगी की योजना पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि मूलचंद डिस्पोजल प्लेट का कारोबार करता था। कारोबार में घाटा होने के बाद उसने कमेटी डालने का काम शुरू किया और अपने आसपास रहने वाले लोगों को इसके लिए तैयार किया। फिर कमेटी के नाम पर रुपये इक्ट्ठा किये। जनवरी 2021 में मूलचंद को यह राशि लौटानी थी, लेकिन इससे पहले ही वह 50 लाख रुपये इक्ट्ठा कर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपित से चल रही पूछताछ उसके बाद से ही मूलचंद की तलाश आर्थिक अपराध शाखा की टीम कर रही थी। लोकल इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने उसे बुधवार को गिरफ्तार किया। पूरे फर्जीवाड़े को लेकर पुलिस की टीम उससे पूछताछ कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




