नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिला की स्पेशल स्टाफ और खजूरी खास थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रेडीमेड कपड़ा कारोबारी की हत्या में शामिल एक भाड़े के हत्यारे को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने खुलासा किया है कि बिहार के पटना के रहने वाले एक स्थानीय नेता ने कारोबारी की हत्या के लिए उन्हें एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। मृतक ने वर्ष 2017 में स्थानीय नेता पर जानलेवा हमला किया था। जिसका बदला लेने के लिए स्थानीय नेता ने भाड़े के हत्यारों ने हत्या करवाई। पुलिस ने आरोपित को खोड़ा गाजियाबाद स्थित उसकी गर्लफ्रेंड के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस उसके निशानदेही हत्या में शामिल दो अन्य शूटरों और मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 13 मार्च को खजूरी खास के श्रीराम कॉलोनी में रेडीमेड कपड़े के कारोबारी गुड्डू उर्फ रूस्तम की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली। गुड्डू मूलत: पटना बिहार का रहने वाला था। आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालने में पुलिस को तीनों हमलावरों का फोटो मिल गया। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान नहीं होने पर पुलिस की एक टीम पटना गई और छानबीन शुरू की। वहां पुलिस को कामयाबी हाथ लगी। तीनों आरोपियों की पहचान सोनू राज, गौरव और संतोष के रूप में हुई। तीनों पटना के रहने वाले थे। पुलिस ने उनकी तलाश में बिहार के पटना, समस्तीपुर, कोलकाता, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में दबिश दी। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस को तकनीकी जांच से पता चला कि एक आरोपित खोड़ा कालोनी में अपनी गर्लफ्रेंड के घर में मौजूद है। पुलिस ने 1 अप्रैल को दबिश देकर सोनू राज को वहां से गिरफ्तार कर लिया। मृतक ने स्थानीय नेता को मारने का किया था प्रयास पूछताछ में उसने बताया कि गुड्डू ने वर्ष 2017 में पटना के स्थानीय नेता अजय वर्मा की हत्या की कोशिश की थी। जिसका बदला लेने के लिए और गुड्डू की हत्या करने के लिए अजय वर्मा ने उन लोगों को एक लाख रुपये और तीनों शूटरों को एक एक सोने की चेन दिया। गुड्डू का एक परिचित लालू जिसका गुड्डू के साथ दुश्मनी था। लालू अजय के साथ मिला हुआ था और गुड्डू के ठिकाने के बारे में उसे जानकारी दे रहा था। उसके बताए अनुसार 21 फरवरी को तीनों शूटर दिल्ली पहुंचे। कपड़े की दुकान पर लगातार रेकी करने के बाद 13 मार्च को तीनों ने उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों वापस पटना चले गए। पुलिस ने बताया कि आरोपित पर पटना में दो हत्या का मामला दर्ज है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




