शोणितपुर (असम), 18 जून (हि.स.)। शोणितपुर जिला के सोतिया विधानसभा क्षेत्र के इटाखोला में संजीव सैकिया नामक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने हत्यारे निर्मल कुर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की तड़के चलाए गए अभियान के दौरान संजीव सैकिया की हत्या मामले में शामिल निर्मल कुर्मी को गिरफ्तार किया गया है। हत्या के लिए प्रयोग किये गये धारदार हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में निर्मल ने पुलिस को बताया कि ड्रग्स के पैसे के लेनदेन के लिए उसने संजीव की हत्या की थी। ज्ञात हो कि गत मंगलवार को निर्मल ने दो नंबर इटाखोला निवासी संजीव सैकिया की हत्या करने के बाद शव को मनाई इलाके में स्थित जल संसाधन विभाग के एक नाले के किनारे फेंककर फरार हो गया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से सघन पूछताछ कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ असरार/ अरविंद




